पत्रकार पर दर्ज कथित फर्जी मामले के विरोध में ज्ञापन
पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
Seoni 15 December 2025
सिवनी यशो:- थाना धनौरा अंतर्गत पत्रकार अमित सोनी पर फर्जी मामला एवं षड्यंत्रपूर्वक प्रकरण के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय सहित तहसील धनौरा के पत्रकारों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि धनौरा निवासी पत्रकार अमित सोनी विगत कई वर्षों से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितैषी पत्रकारिता करते आ रहे हैं। उनके विरुद्ध थाना धनौरा में एक नाबालिग बालिका के माध्यम से छेड़खानी जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है, जिसे पत्रकारों ने पूरी तरह निराधार, असत्य और दुर्भावनापूर्ण बताया।
समाचारों से आहत होकर रची गई साजिश का आरोप
पत्रकारों का कहना है कि अमित सोनी द्वारा संबंधित नाबालिग की बड़ी बहन के विरुद्ध पूर्व में समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित की गई थीं। इन्हीं समाचारों से आहत होकर उन्हें बदनाम करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और पत्रकारिता से दबाने के उद्देश्य से यह प्रकरण दर्ज कराया गया है। पत्रकारों ने इसे सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया।
साफ छवि वाले पत्रकार को फंसाने का प्रयास
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पत्रकार अमित सोनी की सामाजिक छवि बेदाग रही है और
वे लगातार भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं जनहित से जुड़े मामलों को उजागर करते रहे हैं।
इसी कारण कुछ स्वार्थी तत्वों में उनके प्रति द्वेष उत्पन्न हुआ, जिसका परिणाम यह कथित फर्जी मामला है।
एसडीओपी स्तर से होगी जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने पत्रकारों से ज्ञापन प्राप्त कर मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच एसडीओपी स्तर से कराई जाएगी और
जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी मामला पाए जाने पर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पत्रकारों ने मांग की कि यदि जांच में मामला फर्जी एवं षड्यंत्रपूर्वक दर्ज पाया जाता है,
तो संबंधित दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए,
ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके और स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला करने वालों को स्पष्ट संदेश मिले।



