छिंदवाड़ा

शहर के मुख्य चौराहों में लगाए जाएंगे नए सिग्नल

हेलमेट की अनिवार्यता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश,जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

Chhindwara 24 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी अपर कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर पेट्रोल पंप संचालकों पर सख्ती करने पर विशेष जोर दिया गया। शहर के मुख्य चौराहों पर जहां के पुराने सिग्नल ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, वहां नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने और एन.एच.ए.आई के अधिकारी को सभी चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सूचना बोर्ड, रेडियम, कैट आईज, मीडियन रोड मार्किंग आदि का कार्य एक सप्ताह में कर फोटोग्राफ्स के साथ पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए गए।

बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर संचालकों पर कार्रवाई हो

जिले में हेलमेट का उपयोग न करने पर सड़क दुर्घटनाओं में दो पहिया वाहन चालकों की हो रही मृत्यु की घटनाओं में गहन चिंता व्यक्त करते हुए हेलमेट को अनिवार्य किया गया है। पिछली बैठक में सख्त निर्देश देने और पेट्रोल पंप संचालकों को इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देशित करने के बाद भी निर्देशों का पालन न पाए जाने पर प्रभारी अपर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा निर्देशों की अवहेलना करने पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

एन.एच.ए.आई. के अधिकारी नोटिस

द्वारा निर्देशों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश फरवरी माह में आयोजित बैठक में निर्देशित करने के बाद भी अभी तक छिंदवाड़ा-सिवनी खंड में प्रिंस ढाबा के पास प्रकाश की व्यवस्था को लेकर कोई भी कार्यवाही नहीं करने और चिन्हित ब्लॉक स्पॉट्स पर सुरक्षा के लिए आवश्यक रोड मार्किंग, रेडियम, साइन बोर्ड आदि अभी तक नहीं लगाने पर एन.एच.ए.आई के अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

शहर में यातायात व्यवस्था सुगम व व्यवस्थित हो

प्रभारी अपर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने निर्देश दिये कि शहर में यातायात सुगम और व्यवस्थित कराएं। मुख्य जहां कहीं भी बड़े मार्ट आदि के बाहर पार्किंग के कारण सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात प्रभावित हो रहा है, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम सख्ती से संयुक्त कार्यवाही करें। उनके बेसमेंट में पार्किंग को शिफ्ट कराया जाए और सड़क पर नो पार्किंग का बोर्ड लगवाया जाए। ई.एल.सी. चौक के डिवाइडर से टकराकर हो रहे सड़क हादसों को लेकर भी चर्चा की गई

गुड सेमेरिटन योजना का प्रचार-प्रसार के निर्देश

सड़क दुर्घटना पीडि़तों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मौतों को रोकने के लिए ग्राम पंचायत, नगर पंचायत एवं जिला स्तर पर शासन की गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। यह एक ऐसी योजना है जो सड़क दुर्घटना पीडि़तों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करती है। इस योजना के तहत, जो कोई भी सड़क दुर्घटना के घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाता है, उसे 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!