SBI फ्रॉड अलर्ट: फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप, पेंशनर्स पर ठगी और बरघाट ब्रांच की घटना ने बढ़ाई चिंता
फर्जी SBI व्हाट्सएप ग्रुप और APK फाइल का खतरा
Seoni 06 September 2025
सिवनी/नई दिल्ली।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से जुड़े धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है। हाल ही में सिवनी जिले में “State Bank of India” नाम से फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप बनने का मामला सामने आया था। इस ग्रुप में संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने का संदेश भेजा गया, जिसे लेकर साइबर सेल ने चेतावनी दी है कि ऐसे ऐप फोन और बैंकिंग सुरक्षा को खतरे में डाल सकते हैं।
इसी बीच, जिले के बरघाट एसबीआई शाखा के एक खातेदार की राशि अचानक अपने आप गायब होने की घटना ने भी लोगों को चिंतित कर दिया है। हालांकि मामले की जांच जारी है और साइबर सेल ने इसे गंभीरता से लिया है।
SBI की नई राष्ट्रीय चेतावनी
इन घटनाओं के बीच, एसबीआई ने अपने 45 करोड़ से अधिक ग्राहकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने बताया कि ठग ग्राहक का पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलकर अपने नंबर पर रजिस्टर कर लेते हैं। इसके बाद खाते से जुड़ी सभी अलर्ट उनके पास पहुँचने लगते हैं और ग्राहक को अनधिकृत लेन-देन की जानकारी नहीं मिल पाती।
पेंशनर्स पर विशेष निशाना
एसबीआई ने बताया कि धोखेबाज विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशनरों को निशाना बना रहे हैं।
वे PPO (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) के वेरिफिकेशन और तेजी से प्रोसेसिंग का झांसा देकर कॉल या एसएमएस करते हैं।
सहयोग न करने पर पेंशन रोकने की धमकी दी जाती है।
इस डर के चलते कई पेंशनर्स अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं, जिसका ठग फायदा उठाते हैं।
साइबर सेल और SBI की अपील
-
संदिग्ध APK फाइल या लिंक कभी डाउनलोड न करें।
-
बैंकिंग ऐप केवल ऑफिशियल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
-
OTP, पासवर्ड, एटीएम पिन किसी से साझा न करें।
-
शंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
-
SBI ग्राहक सेवा नंबर 18001234/18002100 पर संपर्क करें।
बैंक ने SBI फ्रॉड अलर्ट में यह भी स्पष्ट किया है कि –
उसकी ओर से किसी भी ग्राहक से PPO सत्यापन के लिए कॉल, SMS, लिंक या एटीएम विज़िट की मांग नहीं की जाती।
SBI का आधिकारिक संदेश
चेतावनी एसबीआई ने अपनी आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल @TheOfficialSBI के माध्यम से साझा की है।



