विधायक कमल मर्सकोले, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन और कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने किया ग्रामीणों से सीधा संवाद, स्वरोजगार की सफल कहानियों ने युवाओं को किया प्रेरित
Seoni, 20 November 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बरघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत काठी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जहां ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई, वहीं उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आभा राहंगडाले एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नशामुक्ति और बाल विवाह रोकने का दिलाया संकल्प
शिविर में कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा नहीं करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इसी तरह बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने और न होने देने का संकल्प दिलाया गया। कलेक्टर ने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और निर्धारित उम्र में ही विवाह करने की अपील की।
जनविश्वास अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास का माध्यम : कमल मर्सकोले
विधायक श्री कमल मर्सकोले ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर जनता और सरकार के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने इस अभियान के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो रहा है और पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही कृषि के साथ स्वरोजगार और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार एवं विधायक श्री कमल मर्सकोले ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन और शिकायतें प्रस्तुत की गईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
उद्यम संवाद में सामने आईं स्वरोजगार की प्रेरक कहानियां
शिविर का विशेष आकर्षण उद्यम संवाद रहा, जिसमें शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले हितग्राहियों ने सफलता की कहानियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से लाइट एवं इवेंट व्यवसाय संचालित कर रहे ग्राम गोकलपुर के देवांश जामरे ने अपने अनुभव बताए। आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना से दुग्ध डेयरी संचालित कर रहे ग्राम साल्हे के नर्मदा प्रसाद चौधरी ने भी अपनी सफलता की जानकारी दी।
इसी प्रकार आजीविका मिशन से जुड़कर खिलौना व्यवसाय संचालित कर रहीं ग्राम अरी की हेमलता तथा ग्राम साल्हेकला की राखी मर्सकोले ने उचित मूल्य दुकान संचालन के अनुभव साझा किए।
हितग्राहियों की इन सफलता की कहानियों ने ग्रामीणों और युवाओं को स्थानीय संसाधनों, रुचि एवं कौशल के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
नरवाई जलाने के बजाय कृषि यंत्रों से करें फसल अवशेषों का प्रबंधन
कलेक्टर ने किसानों से फसल अवशेष एवं नरवाई नहीं जलाने की अपील करते हुए हैप्पी सीडर, सुपर सीडर और बेलर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से भी कार्ययोजना बनाकर पराली प्रबंधन की दिशा में काम करने की बात कही।
उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ दलहन, तिलहन, उद्यानिकी एवं औषधीय फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।
हितग्राहियों को वितरित किए गए योजनाओं के हितलाभ
जनविश्वास शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत निःशुल्क रजिस्ट्री, आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों को सीसीएल राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन पत्र तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितलाभ प्रदान किए गए।
वहीं स्नेह परिधान नवाचार के अंतर्गत जनभागीदारी से आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को यूनिफॉर्म भी वितरित की गई।
शिविर में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, आजीविका मिशन एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
काठी में आयोजित जनविश्वास शिविर ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई, शासकीय योजनाओं के लाभ वितरण, स्वरोजगार को प्रोत्साहन और सामाजिक जागरूकता के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।