भगवान बिरसा मुंडा जयंती तीन दिवसीय भव्य आयोजनों के साथ मनाएगी मध्यप्रदेश सरकार, 14 से 16 नवंबर तक होंगे कार्यक्रम
जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे विशेष आयोजन, जनजातीय समाज के सम्मान और विकास का संदेश देंगे कार्यक्रम
भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को मध्यप्रदेश सरकार और संगठन इस वर्ष तीन दिनों तक भव्य रूप से मनाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 14, 15 और 16 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जनजातीय क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के सम्मान, सर्वांगीण विकास और महान जननायकों की गौरवशाली विरासत को प्रतिष्ठित करने का संदेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 नवंबर को रानी दुर्गावती की राजधानी और गोंडवाना साम्राज्य के प्रमुख केंद्र जबलपुर में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 15 नवंबर को धार-झाबुआ के जनजातीय अंचल में नर्मदा सिंचाई की एक बड़ी परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर धार में विशेष आयोजन होगा।
इसी क्रम में 16 नवंबर को खंडवा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थाओं में भी तीन दिनों तक विविध गतिविधियां आयोजित होंगी।
जनजातीय गौरव और विकास पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार और संगठन मिलकर भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को भव्य स्वरूप प्रदान करेंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य जनजातीय समाज के सम्मान, उसके सर्वांगीण विकास और देश के महान जननायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की गौरवशाली विरासत को संरक्षित एवं प्रतिष्ठित करना सरकार की प्रतिबद्धता है। तीन दिवसीय आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को मजबूती दी जाएगी।