डगमगाती बस को चालक ने संभाला, पलटने से टला बड़ा हादसा; ओवरलोडिंग और बस की फिटनेस पर उठे सवाल
सिवनी यशो :- जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत खवासा के पास सोमवार रात नागपुर से प्रयागराज जा रही एक यात्री बस के अचानक दो टायर फट गए। टायर फटते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर डगमगाने लगी। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस पर नियंत्रण बनाए रखा और बस पलटने से बच गई। घटना में बस सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार महादेव ट्रेवल्स की बस क्रमांक UP70FT3330 नागपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। इसी दौरान खवासा के पास अचानक बस के दोनों टायर फट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टायर फटने के बाद बस सड़क किनारे बने डिवाइडर की ओर बढ़ने लगी थी। बस के बुरी तरह डगमगाने से यात्रियों में घबराहट फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक ने किसी तरह स्थिति संभाल ली और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री होने का आरोप
घटना के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। बस में सवार यात्री राहुल यादव और पंकज कुमार ने आरोप लगाया कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। हालांकि ओवरलोडिंग की वास्तविक स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बस की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने लंबी दूरी की यात्री बसों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस के टायरों की स्थिति, ब्रेक, स्टेयरिंग और अन्य तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच कितनी गंभीरता से की जा रही है, यह जांच का विषय है। यदि बस में ओवरलोडिंग थी या खराब स्थिति के टायरों के साथ वाहन संचालित किया जा रहा था, तो यह यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।
नागपुर-जबलपुर मार्ग पर यात्री बसों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में परिवहन विभाग द्वारा बसों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।