पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में दो दिवसीय युवा उत्सव का रंगारंग समापन, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 25 से 27 नवंबर तक
Seoni, 20 November 2026
सिवनी यशो:- युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उनकी रचनात्मकता, कला एवं सांस्कृतिक अभिरुचियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय कॉलेज स्तरीय युवा उत्सव का रंगारंग समापन हुआ।
उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस युवा उत्सव में विद्यार्थियों ने 27 विधाओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब जिला स्तरीय युवा उत्सव में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग के कुशल निर्देशन में आयोजित युवा उत्सव के पहले दिन साहित्यिक, सांगीतिक एवं रूपांकन विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रंगोली, स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, पोस्टर निर्माण, कार्टून निर्माण एवं कोलाज जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं प्रश्नमंच, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने तार्किक क्षमता, ज्ञान और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
युवा उत्सव के मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे ने बताया कि दूसरे दिन सांस्कृतिक विधाओं के अंतर्गत मिमिक्री, माइम, स्किट, नाटक, शास्त्रीय नृत्य एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे। विशेष रूप से आदिवासी लोक नृत्य की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
27 विधाओं में विजेता विद्यार्थियों ने बनाई जिला स्तर की राह
युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में भाषण हिंदी में सोनाली अवधिया (बीए द्वितीय वर्ष), भाषण अंग्रेजी में सरूपी अवधिया (बीए प्रथम वर्ष) शामिल हैं। हिंदी वाद-विवाद में पक्ष से चांदनी शिववेदी एवं विपक्ष से मुकेश झारिया तथा अंग्रेजी वाद-विवाद में पक्ष से गरिमा चौहान एवं विपक्ष से मेघराज कुमरे का चयन हुआ।
प्रश्नमंच प्रतियोगिता में खुशबू अमूले (बीएससी प्रथम वर्ष), सुहानी सनोडिया (बीएससी तृतीय वर्ष) एवं तपन तिवारी (बीएससी द्वितीय वर्ष) की टीम ने चयन हासिल किया।
रूपांकन विधाओं में रंगोली में प्रज्ञा पटले, कार्टून निर्माण में सोनाली यादव, स्पॉट पेंटिंग में महिमा काठोले, कोलाज में पवन सोनवाने, मूर्तिकला में रिया ब्रजवासी तथा पोस्टर निर्माण में ममता चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सांगीतिक विधाओं में शास्त्रीय गायन (हिंदुस्तानी/कर्नाटक) में ताशु सनोडिया, एकल सुगम गायन में ललिता प्रजापति, भारतीय समूह गायन में रितिका सोनी एवं साथी, एकल वादन में प्रदीप सनोडिया तथा पाश्चात्य एकल गायन में रितिका सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पाश्चात्य समूह गायन एवं पाश्चात्य एकल वादन में निरंक का चयन हुआ।
सांस्कृतिक विधाओं में मिमिक्री में मोनू उइके (बीए प्रथम वर्ष), हास्य नाटिका (स्किट) में हरिओम एवं साथी, नाटक में अमन नामदेव एवं साथी तथा लोक नृत्य/जनजातीय नृत्य में सोनू धुर्वे एवं साथी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
आयोजन की सफलता में महाविद्यालय परिवार का रहा योगदान
युवा उत्सव का उद्घाटन जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय ने किया, जबकि समापन कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में पर्यवेक्षक डॉ. सविता मसीह, जिला नोडल प्रभारी डॉ. राकेश चौरासे, संयोजक डॉ. मनोज टेंभरे, साहित्यिक विधा प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे, रूपांकन विधा प्रभारी डॉ. लीडिया कुमरे, सांगीतिक विधा प्रभारी प्रो. रचना सक्सेना, सांस्कृतिक विधा प्रभारी डॉ. श्यामसिंह राहंगडाले सहित डॉ. श्रुति अवस्थी, प्रो. रचना राय, प्रो. गनेश मंतारे, डॉ. रामकुमार नायक, डॉ. ज्योति कुमरे, प्रो. दिनेश चित्रिव, ग्रंथपाल सीएल अहिरवार, डॉ. ज्योति गजभिये, प्रो. बसंत वासनिक, प्रो. दीक्षा पटले, प्रो. तरुण कावरे, प्रो. सोनी सारस्वत, डॉ. नगमा निगार, डॉ. वर्षा जैन एवं छाया राय का विशेष सहयोग रहा।
दो दिवसीय आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक, जनभागीदारी शिक्षक, अतिथि विद्वान, छात्र-छात्राएं एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
25 से 27 नवंबर तक होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव
प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 25, 26 एवं 27 नवंबर को किया जाएगा। इसमें जिले के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्रथम स्थान प्राप्त विजेता विद्यार्थी 27 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता का अवसर मिलेगा।