सर्किट हाउस में सांसद भारती पारधी, विधायकों एवं जिला प्रशासन ने किया अभिनंदन, जिला भाजपा अध्यक्ष मीना बिसेन भी रहीं उपस्थित
Seoni, 07 November 2026
सिवनी यशो:- देवभूमि उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन के अपने गृह जिले सिवनी प्रथम आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा महामहिम राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन के स्वागत के अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड के राज्यपाल का दायित्व संभालने के बाद अपने गृह जिले में प्रथम आगमन को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया। सर्किट हाउस में स्वागत के पश्चात उनके सम्मान में बाहुबली लॉन में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिले के लगभग डेढ़ सौ सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों ने सहभागिता कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. ढालसिंह बिसेन ने अपनी जन्मभूमि के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए कहा कि वे भले ही शारीरिक रूप से सिवनी से दूर रहेंगे, लेकिन हृदय से कभी दूर नहीं होंगे।