सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ 84 वें सप्ताह भक्तिभाव से संपन्न
Seoni 13 April 2025
सिवनी यशो:- भैरोगंज परतापुर रोड में स्थित आदिशक्ति ज्वालाा देवी सिद्ध पीठ में हनुमान जयंती का कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया है । इस शक्ति पीठ में भक्ति और श्रद्धा के साथ हर शनिवार को सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया जाता है, यह क्रम पिछले 84 सप्ताह से निरंतर किया जा रहा है । सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ समाज के बीच सकारात्मक विचारों को प्रेषित करने का भी यह प्रमुख केन्द्र अपनी पहचान बना रहा है ।
मंदिर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ के साथ ही इस शनिवार को हनुमान जयंती का विशेष आयोजन किया गया । यहाँ बता दें कि सिवनी नगर के उप नगरीय क्षेत्र भैरोगंज परतापुर रोड में स्थित श्री मां आदिशक्ति ज्वाला देवी सिद्ध पीठ मंदिर में लगातार 84 सप्ताह से प्रत्येक शनिवार को युवाओं एवं मातृशक्ति द्वारा सास्वर भक्तिमय सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है । श्रद्धा एवं भक्ति के इस अनुपम संगम की विशिष्टता यह है कि इस साप्ताहिक मिलन के दौरान जागरूकता और तात्कालिक विषयों पर चर्चा भी की जाती है ।
मंदिर समिति के शुभम राजपूत ने बताया कि नियतिम क्रम के अनुसार सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का शनिवार को 84 वें सप्ताह के आयोजन में मुख्य यजमान यश सराफ ने सहपरिवार पहुंचकर मातारानी के दरबार मे पूजन एवं महाप्रसाद भोग अर्पित किया गया माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तिभाव से संपन्न आयोजन के पश्चात महाभोग का वितरण किया गया । भक्ति और श्रद्धा के साथ पाठ के पश्चात महाप्रसाद वितरण एवं भंडारा भी यजमानों के सहयोग से किया जाता है । सिद्ध पीठ ज्वाला देवी मंदिर समिति प्रति शनिवार होने वाले सुंदरकांड पाठ में मुख्य रूप से जो भी अपने नाम से पाठ कराना चाहता है, वह यजमान बनने के लिए मंदिर समिति से संपर्क कर सकता है।



