टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में 738 प्रवेश फॉर्म वितरित, 22 टीमों ने कराया पंजीयन
Chhindwara, 20 November 2026
छिन्दवाड़ा यशो:- सांसद बंटी विवेक साहू के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत कलेक्ट्रेट के सामने स्थित मैदान में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। शुक्रवार, 20 नवंबर को खेले गए मुकाबलों में आनंद क्लब, धुरंधर क्लब, जीजा-11 और मान्य रोहना की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को खिलाड़ियों को कुल 738 प्रवेश फॉर्म वितरित किए गए। क्रिकेट स्पर्धा प्रभारी बिट्टू मंडराह एवं संदीप मालवी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जूनियर और सीनियर वर्ग की 22 टीमों ने अपना पंजीयन कराया है। अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, टीमों की अधिक संख्या को देखते हुए प्रतिदिन 10-10 ओवर के चार मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरी खिलाड़ियों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के क्रिकेट खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। संयोजक जगेन्द्र अल्डक ने बताया कि खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए प्रतियोगिता में प्रवेश की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई थी। अंतिम दिन जिले की 22 टीमों ने पंजीयन कराया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रेवाराम बनवारी, शैलेष करमरकर, वसीम खान, राशिद खान, योगेश चंद्रवंशी, आनंद गोहर, सुधीर ताम्रकार, विवेक बिट्टू भाऊ, आनंद गिरीपुंजे, शहादत खान, महेश डोंगरे एवं संतोष सिरसाम निभा रहे हैं। वहीं अंपायर, स्कोरर और कमेंटेटर के रूप में भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया जा रहा है।