
छींदा दुर्गा मंदिर नवरात्र आयोजन
छींदा (केवलारी), 31 मार्च 2026।
केवलारी यशो:- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर ग्राम छींदा स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैठकी के प्रथम दिन से लेकर दुर्गा अष्टमी और नवमी तक श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना पूर्ण समर्पण और भक्तिभाव के साथ की।

मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नवरात्र के दौरान दोपहर एवं रात्रि समय देवी भक्तों द्वारा जस, देवी गीत एवं भजनों के माध्यम से मां जगदंबा की महिमा का गुणगान किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ धार्मिक अनुष्ठान
चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर ग्राम की दुर्गा समिति के सौजन्य से मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की।
महाप्रसादी और भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
शाम को आयोजित विशाल भंडारा एवं महाप्रसादी कार्यक्रम में ग्राम छींदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य एवं कृतार्थ बताया।



