शासकीय कॉलेजों की बदहाली पर अभाविप का ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’, सिवनी में सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन
मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट तक मार्च, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सिवनी में अभाविप का विद्यार्थी हुंकार अभियान, कॉलेजों की बदहाली पर प्रदर्शन
Seoni 27 August 2026
सिवनी यशो:- प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और जर्जर अधोसंरचना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ शुरू किया। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभाविप कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे।

इसी क्रम में सिवनी जिले में भी सैकड़ों विद्यार्थियों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया और शासकीय महाविद्यालयों में व्याप्त समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पेयजल से लेकर प्रयोगशालाओं तक सुविधाओं का मुद्दा
अभाविप का कहना है कि प्रदेश के अनेक शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थी आज भी स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, व्यवस्थित कक्षाओं, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं।
संगठन ने पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल सुविधाएं, छात्राओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं को भी विद्यार्थियों के लिए आवश्यक बताते हुए इनके तत्काल सुधार की मांग की है।
कॉलेजों का तत्काल सर्वे कराने की मांग
अभाविप ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का तत्काल सर्वे कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि जहां व्यवस्थाएं खराब हैं, वहां ठोस कार्रवाई की जाए तथा जिन कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए।

‘बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त, असामाजिक तत्वों का बढ़ रहा दखल’
अभाविप के प्रांत मंत्री सुव्रत ने कहा कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालय मूलभूत सुविधाओं के अभाव और जर्जर अधोसंरचना से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक महाविद्यालयों की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है या मौजूद नहीं है, जिसके कारण परिसरों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने भोपाल के एमवीएम महाविद्यालय में अभाविप द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में शराब की बोतलें मिलने का उल्लेख करते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि कई महाविद्यालयों में विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं, कैंटीन बंद हैं तथा पुस्तकालयों में पर्याप्त पठन सामग्री का अभाव है। कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं में भी संसाधनों और उपकरणों की कमी की स्थिति बनी हुई है।
विद्यार्थी सहायता केंद्र सक्रिय करने की मांग
सुव्रत ने कहा कि विद्यार्थी सहायता केंद्र सक्रिय नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय तक परेशान होना पड़ता है। उन्होंने सरकार से अभाविप की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि मजबूत शैक्षणिक और संस्थागत अधोसंरचना के बिना विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
‘मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान’
अभाविप सिवनी के जिला संयोजक सूजल मिश्रा ने कहा कि ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ की शुरुआत सिवनी में हुए प्रदर्शन के साथ हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक और आंदोलनात्मक माध्यमों से विद्यार्थियों की मांगों को उठाया जाएगा तथा मांगों के पूर्ण होने तक अभाविप का अभियान जारी रहेगा।
समाचार फोटो हरि ओम सोनी
यह भी पढ़े:-
कलेक्टर का छापा, खुली व्यवस्थाओं की पोल!
मवेशी चोर गिरोह पर कुरई पुलिस का शिकंजा, 8 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर बनेगा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का हब, 475 करोड़ से अधिक की टैंक ओवरहॉल परियोजना का शुभारंभ
नेपाल में फंसे MP के लोगों के लिए सरकार ने खोला कंट्रोल रूम, CM मोहन यादव ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर



