अग्रसेन जयंती पर भगवान वेंकटेश्वर की अलौकिक झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
22 सितंबर को निकलेगी छिंदवाड़ा रोड से विशाल वाहन रैली व शोभायात्रा
Seoni 21 September 2025
सिवनी यशो:- प्र त्यक्ष दिव्यं, गोविंदा, बालाजी और श्रीनीवासा नाम से विश्व प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर की अलौकिक झांकी, महाराज अग्रसेन जन्मोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
अग्रकुल प्रवर्तक श्री 1008 महाराज अग्रसेन के 5179वें जन्मोत्सव के अंतर्गत चल रहे पांच दिवसीय कार्यक्रमों में 19 सितंबर शुक्रवार को अग्रसेन सखी मंच द्वारा आंध्रप्रदेश की तिरूमाला पहाड़ियों की सातवीं चोटी पर स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर की झांकी प्रस्तुत की गई।

श्रीमती शारदा अजय अग्रवाल ने भगवान वेंकटेश्वर की मंगल आरती और झांकी प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। मान्यता है कि भगवान वेंकटेश्वर कलयुग में दुख हरता के रूप में पूजे जाते हैं। झांकी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। निर्णायक के रूप में उपस्थित श्रीमती डेजी ठाकुर और श्रीमती रेशु जैन का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। मंच संचालन का दायित्व श्रीमती रेखा अनिल अग्रवाल, श्रीमती अंजु रवि अग्रवाल और श्रीमती प्रायूषी प्रवेश भालोटिया ने निभाया।

सदाबहार गीतों और नृत्य ने बटोरी तालियां
महिलाओं और युवाओं ने जीरो से हीरो डांस प्रतियोगिता में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। बच्चों और महिलाओं ने पुराने सदाबहार गीतों पर शानदार नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं।
शम्मी कपूर और श्रीदेवी पर आधारित गीतों की प्रस्तुतियों ने वातावरण में पुरानी यादें ताज़ा कर दीं।
महिलाओं के दो और बच्चों के पांच समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
वहीं, जस्ट डांस रेट्रो थीम पर 3 से 6 साल के बच्चों ने मनोहारी अभिनय किया।
इसके अलावा रील बनाओ प्रतियोगिता में किटी पार्टी पर आधारित लघु नाटिका ने सभी का मन जीत लिया।
दोपहर में हुई प्रतियोगिताओं—
खड़े गरम मसाले के गहने बनाओ,
दलहात बान की प्लेट सजाओ,
मूंग दाल की मंगोड़ी से आकृति बनाओ और फायरलेस कुकिंग—
में महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
छिंदवाड़ा रोड से विशाल वाहन रैली आज
समाज प्रवक्ता संजय अग्रवाल ने बताया कि 22 सितंबर सोमवार को सुबह 10 बजे विशाल वाहन रैली छिंदवाड़ा रोड स्थित श्याम कुंज, पुरुषोत्तम अग्रवाल के निवास से प्रारंभ होगी।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लूघरवाड़ा अग्रोहा धाम पहुंचेगी, जहां महाराज अग्रसेन का पूजन, हवन और महाआरती होगी।
इसके बाद मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, परिचय, उद्बोधन और पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गोविंद अग्रवाल (वर्धा),
डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल (कामठी),
राजकुमार अग्रवाल (छिंदवाड़ा) और
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमोद कुमार अग्रवाल (छपारा) उपस्थित रहेंगे।
शाम 4 बजे से अग्रवाल धर्मशाला दुर्गा चौक से परंपरागत महाराज अग्रसेन की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी



