कल तक वीडियो बनाकर दहशत फैला रहे थे, आज थाने में हाथ जोड़कर मांग रहे माफी; सिवनी पुलिस का बड़ा एक्शन
Seoni Viral Video Arrest – 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर भेजे गए जेल
सिवनी यशो :- सिवनी शहर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आईटीआई के एक छात्र का कथित रूप से अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर बंधक बनाया गया, फिर डंडों, पाइप, क्लच वायर और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घायल पीठ पर नमक और मिर्च का घोल लगाकर अमानवीय यातनाएं दीं और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों तथा 4 विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित सोहेल खान, निवासी भोमा (थाना कान्हीवाड़ा), आईटीआई चूनाभट्टी का छात्र है। जांच में सामने आया कि 7 जून 2026 को वह राहंगडाले स्थित आईटीआई कैंटीन में था, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर आए आरोपी उसे जबरन उठाकर खैरीटेक के पास सुनसान स्थान पर ले गए। वहां पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।
आरोपियों ने पीड़ित पर अपनी बहन से बातचीत करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और डंडे, पाइप, क्लच वायर व रस्सी से हमला किया। मारपीट का वीडियो भी बनाया गया। आरोप है कि हमले के बाद पीड़ित के घावों पर तेल में नमक और मिर्च मिलाकर लगाया गया, जिससे उसे और अधिक पीड़ा पहुंचाई गई। बाद में उसे आईटीआई चूनाभट्टी ले जाकर आरोपी की बहन से पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई गई तथा जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। भय के कारण पीड़ित ने तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
14 जुलाई को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों और 4 विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त डंडा और क्लच वायर भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मुख्य गिरफ्तार आरोपी
ईश्वर उर्फ अस्मित मानाठाकुर (21) – पूर्व के 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज
मंजीत रैकवार (26)
भूपेन्द्र उर्फ लकी विश्वकर्मा (21) – पूर्व के 6 आपराधिक प्रकरण
जीतू उर्फ अभय उइके (23)
अभिषेक उइके (28)
4 विधि-विवादित बालक



