प्रेस क्लब सिवनी की अनूठी पहल – ‘गिफ्ट अ डेस्कÓ अभियान में किया उल्लेखनीय योगदान
प्राथमिक शाला बम्हनी में भेंट किए गए 10 डेस्क-बेंच, कलेक्टर ने सराहा सहयोग
Seoni 13 June 2025
सिवनी यशो:- जिला प्रशासन सिवनी द्वारा चलाए जा रहे ‘गिफ्ट अ डेस्क (‘Gift a Desk) अभियान को नई ऊर्जा मिली है, जब प्रेस क्लब सिवनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए प्राथमिक शाला बम्हनी में अध्ययनरत बच्चों के लिए 10 डेस्क-बेंच दान किए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि—
“मीडिया साथी केवल समाचार नहीं देते, वे समाज का दर्पण भी हैं। आज प्रेस क्लब द्वारा स्कूली बच्चों के हित में किया गया यह कार्य अन्य प्रेस क्लबों और समाज के दानदाताओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा।”
कलेक्टर सुश्री जैन ने ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव का स्कूल केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक भागीदारी से सशक्त हो सकता है। बेहतर पढ़ाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, शिक्षक की नियमित उपस्थिति और बच्चों की 100 प्रतिशत स्कूल उपस्थिति इसी सोच से संभव है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अयोध्या विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष राकेश नागपासे सहित अन्य मीडियाकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रेस क्लब की इस पहल से प्रेरित होकर ग्राम के अन्य दानदाताओं ने भी विद्यालय को डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने की सहमति दी है।
‘गिफ्ट अ डेस्कÓ अभियान जिला कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के मार्गदर्शन में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों की सुविधाओं के उन्नयन हेतु जनभागीदारी से चलाया जा रहा है। बड़ी संख्या में दानदाता इस पुण्य कार्य से जुड़ चुके हैं।
जो इच्छुक दानदाता इस अभियान में भाग लेना चाहते हैं, वे https://sites.google.com/view/gift-desk/home पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं और अपनी इच्छानुसार किसी विद्यालय में डेस्क भेंट कर सकते हैं।



