मध्यप्रदेशसिवनी

मेडिकल छात्र से मारपीट के बाद सिवनी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, रातभर तनाव की स्थिति

कंडीपार के युवकों पर पीछा कर हमला करने का आरोप, डीन ने रात में छात्रों के बाहर निकलने पर लगाई रोक

सिवनी यशो :- सिवनी मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवाद और हंगामे के चलते चर्चा में आ गया है। बुधवार देर रात एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और बींझावाड़ा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टल से बाहर निकल आए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के एक छात्र का कुछ दिन पहले कंडीपार क्षेत्र में कुछ युवकों से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात कंडीपार के लगभग एक दर्जन युवक मेडिकल कॉलेज क्षेत्र तक पहुंचे और छात्र का पीछा करते हुए उसे बींझावाड़ा तिराहे के पास रोक लिया। आरोप है कि यहां छात्र के साथ मारपीट की गई।

घटना की जानकारी लगते ही मेडिकल कॉलेज के अन्य छात्र भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और क्षेत्र में हंगामे जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

सूचना मिलने पर डूंडासिवनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की समझाइश के बाद देर रात स्थिति नियंत्रित हो सकी। बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. परवेज अहमद सिद्दीकी भी मौके पर पहुंचे थे।

ग्रामीणों ने लगाए देर रात घूमने के आरोप

ग्राम कंडीपार और बींझावाड़ा के कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्र-छात्राएं देर रात तक गांवों और आसपास के क्षेत्रों में घूमते रहते हैं, जिससे विवाद की स्थितियां बन रही हैं। हालांकि इस संबंध में छात्रों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

डीन ने जारी किए सख्त निर्देश

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. परवेज अहमद सिद्दीकी ने आदेश जारी करते हुए रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाने के निर्देश दिए हैं।

निर्देश के अनुसार रात 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को मेडिकल कॉलेज परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। छात्राओं के लिए भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा और केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।

डीन ने बताया कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश वार्डन डॉ. जयंत कोठाले को दिए गए हैं।

पुलिस कर रही जांचप

डूंडासिवनी थाना प्रभारी चेनसिंह उइके ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button