तार चोरी के आरोपियों का जुलूस, चप्पलों से पिटाई का वीडियो वायरल
वेकोली क्षेत्र में कर्मचारियों पर कानून हाथ में लेने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
छिंदवाड़ा तार चोरी वीडियो वायरल – चोरी के आरोपियों का जुलूस, चप्पलों से पिटाई का वीडियो वायरल
Chhindwara 06 August 2026
छिंदवाड़ा/परासिया यशो:- वेकोली (WCL) पेंच क्षेत्र की इकलहरा टाउनशिप में कथित तार चोरी के आरोपियों के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मामला बड़कुही चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बीती रात केबल चोरी के संदेह में कुछ लोगों को पकड़ने के बाद कथित तौर पर डब्ल्यूसीएल के कर्मचारियों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि आरोपियों के गले में चोरी किए गए तारों की माला पहनाकर उनका जुलूस निकाला गया। इतना ही नहीं, वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित आरोपियों को जमीन पर पटककर चप्पलों से मारता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
घटना के वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था और भीड़ द्वारा स्वयं दंड देने की प्रवृत्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
इधर, शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छिंदवाड़ा दौरे के चलते जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में व्यस्त रहे। इस कारण मामले पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। संपर्क करने पर एसडीओपी जाट ने बताया कि वे बैठक में हैं और बैठक समाप्त होने के बाद ही मामले की जानकारी दे पाएंगे।
पुलिस द्वारा वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज से, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार देंगे संगठन को नई धार
MP कांग्रेस की सभी इकाइयां भंग, संगठन में होगा बड़ा बदलाव
बेटियों की खास कैबिनेट से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव, छात्राओं को बताया AI का सही इस्तेमाल


