मनोरंजनमध्यप्रदेशसिवनी

सुरों के सरताज किशोर कुमार को सिवनी ने दी संगीतमयी श्रद्धांजलि, ‘किशोर नाइट’ में गूंजे सदाबहार नगमे

देर रात तक झूमते रहे संगीत प्रेमी, कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां; भारत रत्न देने की उठी मांग

सिवनी किशोर नाइट: किशोर कुमार की याद में गूंजे सदाबहार गीत, कलाकारों ने बांधा समां

Seoni, 06 August 2026
सिवनी यशो:-  सुरों के जादूगर, सदाबहार गायक और अभिनेता स्वर्गीय किशोर कुमार की स्मृति में लूघरवाड़ा स्थित एमएम अग्रोहा लॉन में आयोजित ‘किशोर नाइट’ संगीत संध्या यादगार बन गई।

सदाबहार गीतों की मधुर प्रस्तुति और संगीत प्रेमियों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने पूरे वातावरण को सुरमय बना दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में किशोर दा के अमर गीतों पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

सिवनी के एमएम अग्रोहा लॉन में किशोर नाइट कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार
सिवनी में आयोजित किशोर नाइट में स्वर्गीय किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुति देते कलाकार।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतुल चंद मालू द्वारा किशोर कुमार के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद संगीत की ऐसी बयार बही कि पूरा सभागार किशोर दा के स्वर्णिम दौर में लौट गया।

गोविंद अग्रवाल की गायकी ने बांधा समां

कार्यक्रम के संयोजक एवं एंकर गोविंद अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज से शुरुआत करते हुए ‘झुमरू’, ‘चला जाता हूं’, ‘ओ मेरी शर्मीली’, ‘जीवन से भरी तेरी आंखें’, ‘ये क्या हुआ’, ‘ओ मांझी रे’ और ‘पल भर के लिए’ जैसे लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।

उन्होंने गायिका कृति बरले के साथ ‘तेरे चेहरे से’, ‘गाता रहे मेरा दिल’, ‘काटे नहीं कटते’ तथा निवेदिता नाग के साथ ‘छोड़ दो आंचल’ और ‘भीगी-भीगी रातों में’ जैसे युगल गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी। विशेष आकर्षण तब रहा जब गोविंद अग्रवाल ने ‘आके सीधी लगी’ गीत को पुरुष और महिला दोनों आवाजों में गाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

पराग कटरे और शौर्या जैन ने बिखेरा जलवा

शहर के प्रसिद्ध गायक पराग कटरे ने ‘कोई लौटा दे मेरे’, ‘जिधर देखूं तेरी तस्वीर’, ‘रोते हुए आते हैं सब’ और ‘रिमझिम गिरे सावन’ जैसे गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने कृति बरले के साथ ‘सागर किनारे’, ‘देखा एक ख्वाब’ तथा निवेदिता नाग के साथ ‘कह दूं तुम्हें’ प्रस्तुत कर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया।

कार्यक्रम में डांस दीवाने फेम शौर्या जैन की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। किशोर कुमार के गीतों पर उनके शानदार नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

संगीत और तकनीक का शानदार संगम

बेहतरीन साउंड सिस्टम, आकर्षक लाइटिंग और एलईडी स्क्रीन की भव्य व्यवस्था ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। शहर के संगीत प्रेमी, कलाकार और प्रबुद्ध नागरिक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

किशोर दा को भारत रत्न देने की उठी मांग

कार्यक्रम के दौरान एंकर गोविंद अग्रवाल ने किशोर कुमार के जीवन से जुड़े कई रोचक प्रसंग साझा किए और उनके अद्वितीय योगदान को याद किया। इस अवसर पर उपस्थित संगीत प्रेमियों ने भारत सरकार से स्वर्गीय किशोर कुमार को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग भी की।

समारोह में मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के साथ श्रद्धा साहू, माही सैंडे, हनी गुप्ता, नायडू, सल्लू अग्रवाल, नवीन नामदेव और नितिन बर्वे का भी सम्मान किया गया।

यह भी पढ़े :-

कलेक्टर नेहा मीना की नई पहल ‘सिवनी की उड़ान’, अब बेटियां बनेंगी पुलिस अफसर

मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव ही सबसे बड़ा उपचार: रामकृष्ण जाट

MP कांग्रेस की सभी इकाइयां भंग, संगठन में होगा बड़ा बदलाव

सिवनी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज से, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार देंगे संगठन को नई धार 

https://www.patrika.com/bollywood-news/know-how-kishore-kumar-became-a-legendary-singer-7201021

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button