साजपानी जंगल में लाखों के जुए पर पुलिस का छापा, सिवनी के चार समेत छह जुआरी गिरफ्तार
1.27 लाख रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त, जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई
चौरई के साजपानी जंगल में लाखों के जुए पर पुलिस का छापा, सिवनी के चार समेत छह जुआरी गिरफ्तार
Chhindwara 06 August 2026
छिंदवाड़ा/ चौरई यशो:- चौरई पुलिस ने साजपानी जंगल में संचालित हो रहे लाखों रुपये के जुआ फड़ पर छापामार कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार जुआरी सिवनी जिले के और दो चौरई क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से 1 लाख 27 हजार रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी मोहन सिंह मर्सकोले ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि साजपानी के जंगल में बड़े स्तर पर जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी भारती जाट के मार्गदर्शन में बुधवार शाम विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
ये जुआरी पकड़े गए
पुलिस ने मौके से—
- सुरेश धुर्वे (38), निवासी करलई
- वीरेंद्र सिंह परते (36), निवासी चक्कीखमरिया
- सुग्रीव डेहरिया (39), निवासी डुंगरिया
- अनीष उर्फ गोलू उईके (39), निवासी गंज, सिवनी
- गजमोहन रघुवंशी
- राजेश पटेल (45), निवासी बारापत्थर, सिवनी
को गिरफ्तार किया।
नकदी और ताश जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,27,000 नकद एवं 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



