जनसुनवाई में गूंजीं जनता की आवाज़ें
भूमि विवाद, अतिक्रमण और योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर हुई सुनवाई, 156 आवेदकों ने प्रस्तुत किए आवेदन
Chhindwara 10 June 2025
छिंदवाड़ा यशो :- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रभारी एडीएम एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी ने इस जनसुनवाई में 156 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।
इस जनसुनवाई में जिले के शहरी और ग्रामीण अंचलों से आये नागरिकों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से अपनी समस्याओं को रखा। मुख्य रूप से भूमि के रकबे और खसरा नक्शे में सुधार, अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, गरीबी रेखा के राशन कार्ड, मकान का पट्टा, शासकीय योजनाओं का लाभ एवं आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
प्रमुख आवेदनों पर नजर:
ग्राम खमरा से नरेन्द्र सिंह ने भूमि सीमांकन की मांग की।
रावनवाड़ा खास के लालदास पाल ने अपने पुत्र–पुत्री के जाति प्रमाण पत्र बनवाने का अनुरोध किया।
धूसावानी के कृष्णा धुर्वे ने शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध दुकान निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।
चौरई वार्ड क्रमांक-15 के वार्डवासियों ने निस्तारी तालाब से अतिक्रमण शीघ्र हटवाने की मांग की।
छिंदवाड़ा नगर के चैतराम ने ग्राम उभेगांव में कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटाने की गुहार लगाई।
शिवनगर कॉलोनी के चन्दनलाल इरपाची ने विक्रय किए गए प्लॉट के पंजीयन को निरस्त करने हेतु आवेदन दिया।
कार्यक्रम के दौरान आवेदकों के लिए बैठक की समुचित व्यवस्था की गई थी। सुनवाई में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर आर.के. मेहरा सहित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, खंड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम (वीसी) से शामिल हुए।



