रॉड, डंडे और पत्थरों से युवक पर जानलेवा हमला
माचागोरा गांव के 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर, युवक की हालत नाजुक
Chhindwara 10 June 2025
छिंदवाड़ा यशो :- थाना चौरई क्षेत्र अंतर्गत सोमवार देर शाम माचागोरा गांव के पास 12 लोगों ने एक युवक पर रॉड, डंडे, पाइप और पत्थरों से हमला कर जान से मारने की कोशिश की। पीडि़त युवक विश्राम वर्मा, निवासी हिवरखेड़ी, जब कलकोटी से अपने घर लौट रहा था, उसी दौरान उस पर यह घातक हमला किया गया।
हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटकर बेहोश कर दिया। घटना के तुरंत बाद विश्राम को गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इस घटना की जानकारी घायल युवक के बड़े भाई आशाराम वर्मा ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौरई थाना पुलिस मौके पर पहुँची और पीडि़त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सभी आरोपी माचागोरा गांव के निवासी हैं। इस सनसनीखेज हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हमले के कारणों की तह तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।



