अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में बीज उत्पादक सहकारी समितियों की कार्यशाला संपन्न
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का उद्देश्य एवं सहकारिता विषय पर दिया उद्बोधन
सिवनी 31 जुलाई 2025
सिवनी यशो:- अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में जिला सहकारी संघ मर्यादित सिवनी के तत्वाधान में बीज उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्यों की कार्यशाला बीज उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित सालीवाड़ा में विगत दिनों संपन्न हुई।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि व्ही.के. बर्वे (प्राचार्य, सहकारी प्रशिक्षण केंद्र, जबलपुर) ने अपने उद्बोधन में उपस्थित सदस्यों को सहकारिता वर्ष में आयोजित कार्यक्रम के उद्देश्य एवं जीवन में सहकारिता के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एन.डी. कटरे ने सहकारी विभाग द्वारा सहकारी सदस्यों के लिए उपलब्ध शासन की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी साझा की।
विशिष्ट अतिथि राधेश्याम चन्द्रवंशी (अध्यक्ष, बीज सहकारी समिति मर्यादित सालीवाड़ा) ने सहकारिता की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए सदस्यों को उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर जिले की समस्त बीज उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्य और संचालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी संघ के प्रबंधक पी.के. सूर्यवंशी द्वारा किया गया।



