एकतरफा प्यार के चलते युवक की हत्या, बरघाट पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
ग्राम निवारी निवासी अनिल मर्सकोले की गला रेतकर हत्या, आरोपीगणों ने कबूला जुर्म
Seoni 28 October 2025
सिवनी यशो:- बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम निवारी में एकतरफा प्यार के चलते युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बरघाट पुलिस ने हत्या की इस वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
📍 घटना का विवरण
दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम निवारी के आगे कन्हरगांव माइनर रोड किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की पहचान अनिल पिता मर्सकोले (32 वर्ष) निवासी ग्राम निवारी के रूप में की।
मृतक की पत्नी रुक्मिणी मर्सकोले (30 वर्ष) की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रारंभिक रूप से धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और जांच प्रारंभ की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ललित गठरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहनीश बैस (बरघाट) एवं थाना प्रभारी आशीष खोबरागड़े (अरी) की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।
🕵️♀️ प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला हत्या का कारण
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मृतक की पत्नी रुक्मिणी से अतुल उर्फ पंकज मड़ावी (22 वर्ष) निवासी ग्राम निवारी एकतरफा प्यार करता था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रुक्मिणी से प्रेम करता था, किंतु रुक्मिणी ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इससे नाराज होकर उसने अपने दोस्त अंकित गढ़पाल (26 वर्ष) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
दीपावली के दौरान 23 अक्टूबर की शाम मृतक अपने घर से निकला था। उसी समय दोनों आरोपियों ने उसे शराब पिलाने के बहाने कन्हरगांव रोड की सुनसान जगह पर बुलाया और विवाद के दौरान धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद चाकू खेत में छुपा दिया गया।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों —
1️⃣ अतुल उर्फ पंकज पिता श्रीलाल मड़ावी (22 वर्ष)
2️⃣ अंकित पिता महेश गढ़पाल (26 वर्ष)
— को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेज दिया गया।
👏 पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस प्रकरण के खुलासे में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ललित गठरे के मार्गदर्शन तथा
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहनीश बैस,
थाना प्रभारी आशीष खोबरागड़े,
उप निरीक्षक फून्दूलाल उइके,
स.उ.नि. लुपेश रहांगडाले,
स.उ.नि. शैलेष तिवारी सहित
प्र.आर. मेघेन्द्र रहांगडाले,
मतीन खान,
राजकुमार बघेल,
राजेन्द्र कटरे,
मनोज पारधी,
केशरी नंदन ऐड़े,
पारस तुरकर,
हेमंत राहांगडाले,
शरद गौतम,
जयंत,
हेमंत गायकवाड़,
गजेन्द्र तेकाम आदि का विशेष योगदान रहा



