मध्यप्रदेशसिवनी

पांचवें दिन भी जारी आमरण अनशन, सचिव व पटवारी को हटाने की प्रमुख मांग

महिला मंडल व स्थानीय महिलाओं का धरना, डॉक्टर ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

Seoni 17 December 2025

सिवनी यशो :- जिला मुख्यालय से बरघाट रोड पर स्थित ग्राम पंचायत पलारी अंतर्गत जानवी नगर चूना भट्टी में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शुरू किया गया अनिश्चितकालीन आमरण अनशन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत महिलाओं की प्रमुख मांग ग्राम पंचायत सचिव एवं पटवारी को हटाए जाने की है। इसके साथ ही क्षेत्र से जुड़ी अन्य बुनियादी मांगों को लेकर भी प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।

अनशन के पांचवें दिन बुधवार को धरना स्थल पर डॉक्टर पहुंचकर अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। लगातार अनशन के चलते महिलाओं की तबीयत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग भी चिंतित नजर आए।

महिला मंडल के साथ स्थानीय महिलाएं भी बैठीं धरने पर

यह आंदोलन शक्ति जागृति महिला मंडल, सिवनी के बैनर तले चलाया जा रहा है, जिसमें मंडल की कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी धरने पर बैठी हुई हैं। आंदोलनकारियों ने प्रशासन पर लंबे समय से उपेक्षा और अनदेखी के आरोप लगाए हैं।

प्रशासन की मौजूदगी, पर भरोसा नहीं

मंगलवार को धरना स्थल पर तहसीलदार पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया, लेकिन महिलाएं इन आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हुईं। आंदोलनकारियों ने साफ कहा कि
“जब तक मांगों पर ठोस, लिखित आदेश और कार्य प्रारंभ नहीं होते, तब तक अनशन जारी रहेगा।”

बुनियादी सुविधाओं के अभाव में त्रस्त जानवी नगर

शक्ति जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पूजन शिववंशी ने बताया कि जानवी नगर चूना भट्टी क्षेत्र में वर्षों से—

  • सीसी रोड व पुलिया निर्माण

  • नल-जल योजना की पाइपलाइन

  • पानी की टंकी

  • बिजली खंभे व स्ट्रीट लाइट

  • प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ

  • पट्टों का वितरण

  • शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकना

  • गायों के लिए चरोखर आरक्षण

  • श्मशान घाट निर्माण

  • कचरा निपटान हेतु नाडेम निर्माण

जैसी बुनियादी सुविधाएं कागजों तक सीमित हैं।

18 सूत्रीय मांगों में ये प्रमुख मुद्दे शामिल

महिला मंडल द्वारा रखी गई मांगों में—
प्रवेश द्वार से जानवी नगर में ममता बाई के मकान तक सीसी रोड व पुलिया निर्माण,
नल-जल योजना की पाइपलाइन को जानवी नगर प्रारंभ से नीलेश के मकान तक बढ़ाना,
पानी की टंकी का निर्माण,
बिजली पोल व स्ट्रीट लाइट स्थापना,
हनुमान मंदिर से दिलीप डहेरिया के घर तक सीसी रोड,
बड़ी खेरमाई, छोटी खेरमाई व नाग देवता मंदिर का जीर्णोद्धार,
दिव्या गार्डर व तार फेंसिंग,
खाली शासकीय भूमि का सीमांकन कर चरोखर हेतु आरक्षण
शामिल हैं।

कई बार दिए आवेदन, नहीं हुई सुनवाई

श्रीमती शिववंशी ने आरोप लगाया कि
“इन मांगों को लेकर कई बार आवेदन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी प्रशासनिक उपेक्षा के चलते हमें आमरण अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।”

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

जानवी नगर के रहवासियों ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से
मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश,

सिवनी विधायक,

जल निगम अधिकारी,

जिला पंचायत सीईओ,

जनपद पंचायत सीईओ,

ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव

को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी

अनशन पर बैठी महिलाओं और रहवासियों ने दो टूक कहा है कि-

केवल आश्वासन नहीं, ठोस निर्णय और कार्य प्रारंभ होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ सुविधाओं का नहीं,

बल्कि सम्मानजनक जीवन और प्रशासनिक जवाबदेही की लड़ाई है।

https://www.amarujala.com/uttarakhand/udham-singh-nagar/broken-roads-continued-for-a-fifth-day-on-fast-unto-death-hindi-news

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button