छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति
हर्रई नगर परिषद अध्यक्ष व पार्षदों की मंत्री प्रहलाद पटेल से सौजन्य भेंट
नगर की समस्याओं से कराया अवगत, विकास कार्यों को लेकर मिला सकारात्मक आश्वासन


Chhindwara 17 December 2025
हर्रई (छिंदवाड़ा) यशो:- हर्रई नगर परिषद अध्यक्ष एवं नगर के समस्त पार्षदों ने प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हर्रई नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराते हुए समग्र विकास हेतु सहयोग का आग्रह किया।
नगर परिषद अध्यक्ष व पार्षदों ने बताया कि नगर में सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट तथा आवासीय समस्याओं को लेकर नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर से विशेष सहयोग एवं नवीन योजनाओं की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर की जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि –
प्रदेश सरकार नगरों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और
हर्रई जैसे नगरों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है।
आवश्यक निर्माण कार्यों को चरणबद्ध रूप से स्वीकृत कर समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए जाएंगे।
मुलाकात के बाद नगर परिषद अध्यक्ष एवं
पार्षदों ने मंत्री की सकारात्मक सोच और सहयोगी रुख की सराहना करते हुए कहा कि-
इस पहल से हर्रई नगरवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती संगीता डेहरिया,
सभापति श्रीकांत ‘गोलू’ पटवा,
प्रिंस साहू, अमित चौकसे,
पार्षद रमेश ईरपाची,
सुनील ईरपाची सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

