बढ़ती महंगाई और किल्लत के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, फूंका पुतला
पेट्रोल-डीजल संकट, महंगी बिजली और गैस किल्लत पर उग्र प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना

मंडला कांग्रेस हल्लाबोल – महंगाई के विरोध में प्रदर्शन
मंडला, 31 मार्च 2026
मंडला यशो:- प्रदेश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बिजली दरों में हुई वृद्धि के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी मंडला ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

आम जनता की बुनियादी समस्याओं पर घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान में आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। रसोई गैस (एलपीजी) की भारी किल्लत के कारण गृहणियों को चूल्हा जलाने में परेशानी हो रही है, वहीं पेट्रोल-डीजल की कमी ने किसानों और यात्रियों की कमर तोड़ दी है।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
- गैस व ईंधन आपूर्ति: रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
- बिजली दरें: हाल ही में बढ़ाई गई दरों को तत्काल वापस लिया जाए
- महंगाई नियंत्रण: खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए
“सरकार की गलत नीतियों के कारण आज गरीब और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।”
— डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस मंडला
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



