सीएम हेल्पलाइन, गेहूं उपार्जन और पेयजल व्यवस्था पर सख्त हुए प्रभारी कलेक्टर राठौर
समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण और बारिश पूर्व तैयारियों के निर्देश
प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर समय सीमा बैठक
Seoni 01 june 2026
सिवनी यशो:- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता से किया जाए।
गेहूं उपार्जन केंद्रों से तत्काल उठाव के निर्देश
प्रभारी कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए संभावित वर्षा को देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों और उपार्जन से जुड़े अधिकारियों को केंद्रों का निरीक्षण करने तथा खुले में रखे गेहूं का अतिरिक्त वाहनों के माध्यम से शीघ्र उठाव कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद-बीज वितरण और पेयजल व्यवस्था पर फोकस
बैठक में कृषि विभाग से जिले में उपलब्ध खाद एवं बीज की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों को सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए समस्याग्रस्त क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर त्वरित समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जर्जर भवनों और निर्माण कार्यों की समीक्षा
प्रभारी कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में स्थित जर्जर भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी भवनों एवं अन्य शासकीय भवनों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुल-पुलियों के कार्यों की समीक्षा कर वर्षा ऋतु से पूर्व शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
बैठक में उच्च न्यायालय में लंबित अवमानना प्रकरणों, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधिसूचित सेवाओं का कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा से बाहर न जाए।
शिक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र में नामांकन की स्थिति, छात्रावास एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
https://x.com/CollectorKatni/status/2061460765434073328?s=20



