रीवा से हैदराबाद तक सीधी रेल सुविधा, पांढुर्णा को मिला बड़ा लाभ
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से नई ट्रेन सेवा को स्वीकृति, क्षेत्रवासियों में खुशी
पांढुर्णा को मिली नई रेल सौगात, रीवा–चर्लपल्ली एक्सप्रेस को मंजूरी
Chhindwara 08 June 2026
छिंदवाड़ा / पांढुर्णा यशो:- पांढुर्णा सहित संसदीय क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से रीवा से हैदराबाद (चर्लपल्ली) वाया पांढुर्णा नई रेलगाड़ी संख्या 20157/20158 रीवा–चर्लपल्ली एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी मिल गई है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार सांसद बंटी विवेक साहू ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर नई ट्रेन प्रारंभ करने का आग्रह किया था। लगातार प्रयासों और फॉलोअप के बाद रेलवे मंत्रालय द्वारा इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को स्वीकृति प्रदान की गई है।
रीवा से हैदराबाद तक मिलेगा सीधा रेल संपर्क
नई रीवा–चर्लपल्ली एक्सप्रेस के संचालन से पांढुर्णा एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रीवा और हैदराबाद के बीच सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
नई रेल सेवा की मंजूरी की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
सांसद बंटी विवेक साहू ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
https://www.cleartrip.com/tourism/routes/dd/rewa-to-hyderabad-route.html



