मध्यप्रदेशराजनीति

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द

भाजपा की आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर का बड़ा फैसला, कांग्रेस ने कहा– लोकतंत्र की हत्या

मीनाक्षी नटराजन नामांकन रद्द, कांग्रेस बोली- लोकतंत्र पर हमला | MP Rajya Sabha Election 2026

Bhopal 09 June 2026
भोपाल यशो:- मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ कार्रवाई बताते हुए भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस आज शाम साढ़े सात बजे भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखेगी।

विधानसभा में बढ़ी गहमागहमी

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन ने तेलंगाना में अपने खिलाफ चल रहे एक प्रकरण की जानकारी नामांकन पत्र में नहीं दी।

भाजपा ने इसे तथ्यों को छिपाने का मामला बताते हुए नामांकन रद्द करने की मांग की थी। इसके बाद विधानसभा परिसर में राजनीतिक तनाव बढ़ गया और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

तेलंगाना में दर्ज मामले को लेकर विवाद

भाजपा की ओर से उठाए गए मुद्दे के अनुसार हैदराबाद की अदालत में पूर्व पार्षद ए. श्रीलता द्वारा दायर याचिका में मीनाक्षी नटराजन को आरोपी बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने कुंभम शिव कुमार रेड्डी नामक व्यक्ति को संरक्षण दिया, जिस पर छेड़छाड़ के आरोप हैं।

मामले की प्रमुख समयरेखा

  • 11 मई 2025 – कथित घटना की तारीख बताई गई।
  • 20 अगस्त 2025 – हैदराबाद की फोर्थ एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में याचिका दायर।
  • 17 सितंबर 2025 – अदालत द्वारा नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
  • 24 अक्टूबर 2025 – मीनाक्षी नटराजन की ओर से जवाबी हलफनामा प्रस्तुत किया गया।
  • 17 नवंबर 2025 – अदालत ने मामले की सुनवाई जारी रखने का निर्णय लिया।

भाजपा का कहना था कि यह मामला नामांकन पत्र में घोषित किया जाना चाहिए था, जबकि कांग्रेस का दावा है कि यह केवल नोटिस की प्रक्रिया थी, कोई दोष सिद्ध मामला नहीं।

जीतू पटवारी पहुंचे विधानसभा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी विधानसभा पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है।

कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट करने की तैयारी

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सतर्क नजर आ रही है। पार्टी ने अपने विधायकों को बेंगलुरु भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। कई विधायक एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए यह रणनीति अपनाई जा रही है।

18 जून को होगी वोटिंग

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। इनमें दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में मानी जा रही थी, लेकिन भाजपा द्वारा तीसरे उम्मीदवार उतारे जाने के बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। अब मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने से कांग्रेस की स्थिति और कठिन हो सकती है।

https://youtu.be/HUjlFQGVdEU

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button