57 लाख के सोने-चांदी और नगदी पर हाथ साफ – केवलारी में हाई प्रोफाइल चोरी से सनसनी
आधी रात घर में घुसे चोर, 42 तोला सोना और लाखों की नगदी लेकर फरार
केवलारी हाई प्रोफाइल चोरी – थाना से आधा किलोमीटर दूरी पर हुई बड़ी वारदात, पुलिस जांच में जुटी
Seoni, 14 June 2026
सिवनी /केवलारी यशो:- केवलारी नगर में शनिवार रात हुई एक हाई प्रोफाइल चोरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। वार्ड क्रमांक 9 बस स्टैंड के पीछे बिनेकी रोड स्थित अशोक तिवारी कारपेंटर के मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने देर रात मकान में प्रवेश कर आलमारी में रखे करीब 42 तोला सोना, लगभग 3 से 4 किलो चांदी एवं करीब 1 लाख 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरात एवं नगदी की कुल अनुमानित कीमत लगभग 57 लाख रुपये बताई जा रही है।
परिवार घर में मौजूद था, दूसरे कमरे में सो रहे थे सदस्य
मकान मालिक अशोक तिवारी ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी सरिता तिवारी एवं पुत्र अभय उर्फ शानू तिवारी मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे थे, जबकि जिस कमरे में आलमारी रखी थी वहां कोई नहीं था। सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच जब परिवार जागा तो सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
यह भी पढ़े :- केवलारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त जुआ रेड में 11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना से महज आधा किलोमीटर दूर वारदात
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल केवलारी थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इतनी बड़ी चोरी की घटना ने नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़े :-उर्वरक, बीज और कीटनाशक के अवैध विक्रय पर कार्रवाई, बरघाट थाने में एफआईआर दर्ज
डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच शुरू की। हालांकि देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) एवं 305(क) के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :-समान नागरिक संहिता पर जिले में जनपरामर्श बैठक आयोजित
मास्टरमाइंड कौन? नगर में चर्चा तेज
इतनी बड़ी चोरी के बाद नगर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि बिना रेकी और योजना के इतनी बड़ी वारदात संभव नहीं है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना में किसी संगठित गिरोह या स्थानीय नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
यह भी पढ़े :- टाइगर के हमले में महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी आशीष भराडे एवं थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम ने शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुंचकर परिवार से पूछताछ की और आवश्यक जानकारी जुटाई।
नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।



