मध्यप्रदेशक्राइमसिवनी

जंगल में शिकार की साजिश नाकाम, भरमार बंदूक और बारूदी सामग्री सहित चार आरोपी गिरफ्तार

बरघाट वन परिक्षेत्र की बड़ी कार्रवाई, छह टीमों ने घेराबंदी कर पकड़े संदिग्ध

सिवनी में शिकार की साजिश नाकाम: भरमार बंदूक और बारूदी सामग्री के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

Seoni 24 June 2026
सिवनी यशो:- बरघाट वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वन्यजीवों के शिकार की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी भरमार बंदूक, बारूद बनाने की सामग्री, छर्रे, टॉर्च, माचिस एवं अन्य सामान बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे वन विभाग की गश्ती टीम ने कक्ष क्रमांक 102, बीट पांडरवानी अंतर्गत बोदलकसा नाला क्षेत्र में कुछ हथियारबंद संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां देखीं। इसकी सूचना तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी को दी गई।

यह भी पढ़े :- हजारों लीजधारकों की आवाज बने विधायक मुनमुन, बोले— “शीघ्र निकलेगा व्यावहारिक समाधान”

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा छह अलग-अलग दलों का गठन कर जंगल के विभिन्न मार्गों पर वन अमले की तैनाती की गई तथा घने जंगल में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया गया।

अंधेरा और पहाड़ी क्षेत्र बना चुनौती

घटना स्थल वन क्षेत्र के भीतर लगभग पांच किलोमीटर अंदर स्थित होने तथा क्षेत्र के पहाड़ी और दुर्गम होने के कारण सर्चिंग अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम अंधेरा होने के बावजूद वन विभाग की टीमों ने जंगल में घेराबंदी जारी रखी।

यह भी पढ़े :- खाद माफियाओं के हौसले बुलंद! कृषि अधिकारी की मौजूदगी में ट्रक लेकर फरार, चीचबंद में पकड़ी गई अवैध खाद की खेप

सर्चिंग के दौरान धोबीसर्रा गांव के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने पिता सहित अन्य व्यक्तियों के वन्यजीव शिकार के उद्देश्य से जंगल में जाने की जानकारी दी। उसके द्वारा तीन अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जानकारी दी गई।

जंगल से मिला बारूद और शिकार का सामान

वन अमले को जंगल में तलाशी के दौरान दो थैले भी मिले, जिनमें बारूद का मसाला, प्लास्टिक की बोतलें, माचिस, टॉर्च एवं कपड़े रखे हुए थे। इससे वन्यजीव शिकार की तैयारी की पुष्टि होने के संकेत मिले।

यह भी पढ़े :-कुएं में गिरा वयस्क तेंदुआ, रात 10 बजे वन विभाग का साहसिक रेस्क्यू

भरमार बंदूक के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

22 जून 2026 को वन विभाग ने दबिश देकर आरोपी महेश उइके को एक भरमार बंदूक सहित गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपी मनोज ठाकरे, रायसिंह एवं डुलीचंद को भी हिरासत में लिया गया।

वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा जंगल में जंगली सुअर, चीतल, सांभर एवं अन्य वन्यजीवों के शिकार की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।

वन्यजीव सुरक्षा के प्रति विभाग सतर्क

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार को रोकने के लिए लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

https://mp.gov.in/forest-department

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button