“जय जगन्नाथ” के उद्घोष से गूंजा सिवनी, 155 साल पुरानी रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब; विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने की पुष्पवर्षा
1871 से चली आ रही परंपरा का भव्य आयोजन, आज विशाल भंडारा; हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ
Seoni Jagannath Rath Yatra – 155 साल पुरानी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकली, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने की पुष्पवर्षा
Seoni 16 July 2026
सिवनी यशो:- सिवनी नगर गुरुवार को भगवान जगन्नाथ स्वामी की भक्ति और श्रद्धा में सराबोर नजर आया। सुभाष वार्ड स्थित ऐतिहासिक जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा पारंपरिक उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई।

नगरवासियों ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया, वहीं हजारों श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे।
रथयात्रा में सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की।
उन्होंने स्वयं रथ खींचकर आस्था व्यक्त की तथा यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। विधायक ने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना भी की।

155 वर्षों से निभाई जा रही गौरवशाली परंपरा
सिवनी का जगदीश मंदिर धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मंदिर का निर्माण वर्ष 1871 में सेठ भोपत राव द्वारा कराया गया था। तभी से प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष यह परंपरा अपने 155वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जो सिवनी की धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है।
38 वर्षों से सुनील राव पवार के नेतृत्व में आयोजन
जगदीश मंदिर के सर्वराहकार एवं रथयात्रा के मुख्य आयोजक सुनील राव पवार के नेतृत्व में पिछले 38 वर्षों से इस भव्य आयोजन का सफल संचालन किया जा रहा है। आयोजन समिति के सहयोग से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इस धार्मिक उत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
शाम 4 बजे जगदीश मंदिर से प्रारंभ हुई रथयात्रा गांधी चौक, शुक्रवारी, काली चौक, विंध्यवासिनी मंदिर, गणेश चौक, नेहरू रोड, दुर्गा चौक, मठ मंदिर, छिंदवाड़ा चौक होते हुए बैनगंगा मैया के लखनवाड़ा घाट पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के जयघोष लगाए और जगह-जगह स्वागत एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
17 जुलाई को होगा विशाल भंडारा
रथयात्रा के उपलक्ष्य में 17 जुलाई को श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
इस आयोजन में पंडित सतीश शुक्ला, मोहन सिंह चंदेल, राजाराम राय, सुरेंद्र करोसिया, सुजीत नाहटा, रंजीत यादव, नितिन मिश्रा एवं रोहित मेहरौलिया सहित अनेक श्रद्धालुओं का सक्रिय सहयोग रहा।
यह भी पढ़े :-
नशे के खिलाफ सिवनी में बड़ा अभियान शुरू, 30 जुलाई तक चलेगी जनजागरूकता की मुहिम
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे छिंदवाड़ा के आधुनिक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण
https://x.com/attorneybharti/status/2077710576353255655?s=20



