फिल्मी मंचों से नहीं, सुशासन से आता है निवेश; आंकड़ों से नहीं, अवसरों से तय होती है युवाओं की तस्वीर: शेषराव यादव
कमलनाथ के बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष का पलटवार, बोले- रोजगार कार्यालय के आंकड़ों से नहीं तय होती वास्तविक बेरोजगारी
कमलनाथ के बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव का पलटवार, रोजगार के मुद्दे पर दिया जवाब
Chhindwara 22 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने प्रदेश में स्नातक बेरोजगारों की संख्या को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चिंता व्यक्त करना आसान है, लेकिन समाधान देना ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
शेषराव यादव ने कहा कि कमलनाथ को अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी मूल्यांकन करना चाहिए। यदि उनके शासनकाल में उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में प्रभावी एवं स्थायी कार्य हुए होते, तो आज इस प्रकार के आरोप लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवाओं की संख्या को प्रदेश की वास्तविक बेरोजगारी का अंतिम पैमाना मानना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। रोजगार कार्यालय में पंजीयन केवल नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का प्रशासनिक रिकॉर्ड होता है। कई मामलों में रोजगार मिलने के बाद भी युवा अपना पंजीयन निरस्त नहीं कराते या अपनी जानकारी अपडेट नहीं करते, जिससे उनके नाम सूची में बने रहते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि केवल पंजीयन संख्या के आधार पर बेरोजगारी बढ़ने का निष्कर्ष निकालना भ्रामक है। वास्तविक स्थिति का आकलन रोजगार सृजन, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों सहित कई अन्य मानकों के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निवेश आधारित विकास मॉडल पर काम कर रही है।
यह भी पढ़े :-
JEE से NEET और फिर IISER तक… अमृता सिंह की सफलता का तिहरा धमाका
बरघाट में जनपद अध्यक्ष-CEO विवाद: वायरल VIDEO से महिला सम्मान और लोकतंत्र पर उठे बड़े सवाल



