मध्यप्रदेशसिवनी

“7 अगस्त से बदलेगा प्रशासन का अंदाज, सिवनी में पांच माह चलेगा जन-विश्वास अभियान”

पांच माह तक चलेगा विशेष अभियान, गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन; सीएम हेल्पलाइन, राजस्व और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर रहेगा फोकस

सिवनी में 7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026, पांच माह तक चलेगा विशेष अभियान

Seoni 02 August 2026
सिवनी यशो:- आमजन को त्वरित और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत 7 अगस्त से होगी। यह विशेष अभियान 8 जनवरी 2027 तक करीब पांच माह चलेगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने अभियान के सफल संचालन के लिए जिला, अनुभाग और नगरीय स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। साथ ही शासन की योजनाओं, लोक सेवाओं और विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।

कलेक्टर ने तय की जिम्मेदारियां, अंजली शाह बनी जिला नोडल अधिकारी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।

वहीं अनुभाग स्तर पर संबंधित एसडीएम और जनपद पंचायतों के सीईओ सहायक नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में जिला शहरी विकास अभिकरण की परियोजना अधिकारी श्रीमती पूर्वी तिवारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

राजस्व मामलों से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक होगी निगरानी

अभियान के तहत राजस्व विभाग नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देगा। साथ ही फार्मर आईडी निर्माण और राजस्व अभिलेखों को अपडेट करने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और जन शिकायतों की ग्राम एवं पंचायतवार समीक्षा कर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल योजनाओं पर भी रहेगा जोर

स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने, अस्पतालों के निरीक्षण और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का कार्य किया जाएगा।

वहीं जल जीवन मिशन, हर घर जल अभियान, निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की समीक्षा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम द्वारा की जाएगी।

किसानों, युवाओं और हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

कृषि एवं खाद्य विभाग किसानों को खाद-बीज उपलब्धता, उचित मूल्य दुकानों की जांच और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की निगरानी करेगा।

शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और सामाजिक न्याय विभाग विद्यालयों, आंगनबाड़ियों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे।

इसके अलावा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और लीड बैंक द्वारा उद्यम संवाद आयोजित कर युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा।

सार्वजनिक परिसंपत्तियों का होगा निरीक्षण

अभियान के दौरान सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध, शासकीय भवन, स्कूल, आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, मंडी, पुलिस थाना, छात्रावास, राशन दुकान, पेट्रोल पंप और गैस गोदाम सहित विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया जाएगा।

“लापरवाही स्वीकार नहीं होगी”- कलेक्टर

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़े :-

मैकेनिक बनकर पहुंची पुलिस, ठगों को भनक तक नहीं लगी और 78 लाख की ठगी करने वाले दबोचे

जबलपुर की बदलेगी सूरत! सीएम मोहन यादव ने खोला सौगातों का पिटारा, 362 करोड़ की परियोजना समेत कई बड़े ऐलान

सुपारी के नाम पर 35 लाख की ठगी, फर्जी फर्म खोलकर ठग फरार

नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो: सीएम डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प 

https://mppatwari.com/wp-content/uploads/2026/07/%E0%A4%AE%E0%A5%81%E0%A4%96%E0%

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!