मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत: हथनापुर में लगा पहला जन-संवाद एवं समाधान शिविर, 171 आवेदनों पर हुई कार्रवाई
विधायक दिनेश राय और कलेक्टर नेहा मीना ने किया शुभारंभ, दिव्यांग महिला को रेडक्रॉस से मिली ₹10 हजार की सहायता
Seoni Jan Vishwas Abhiyan: हथनापुर में लगा पहला जन-संवाद शिविर, 171 आवेदनों पर हुई कार्रवाई
सिवनी यशो :- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का जिले में शुक्रवार को जनपद पंचायत सिवनी की ग्राम पंचायत हथनापुर से शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत आयोजित पहले जन-संवाद एवं समाधान शिविर का शुभारंभ विधायक दिनेश राय एवं कलेक्टर नेहा मीना ने पूजन-अर्चन के साथ किया। शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण भलावी, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, जिला पंचायत सीईओ अंजली शाह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

171 आवेदन प्राप्त, मौके पर हुआ त्वरित निराकरण
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, अधिक बिजली बिल, राजस्व और अन्य स्थानीय समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। विभिन्न विभागों से संबंधित 171 आवेदन प्राप्त हुए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
हर शुक्रवार गांवों में पहुंचेगा प्रशासन
विधायक दिनेश राय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों में पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करेगा।
कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। प्रत्येक शुक्रवार अधिकारी गांवों में पहुंचकर जनसंवाद करेंगे, शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे।
दिव्यांग महिला को मिली तत्काल आर्थिक सहायता
शिविर के दौरान ग्राम हथनापुर की दिव्यांग महिला आशा सनोड़िया ने अपनी आर्थिक समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी से ₹10 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को उन्हें अन्य पात्रतामूलक योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
किसानों और हितग्राहियों के लिए लगे विशेष शिविर
शिविर में किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का विशेष शिविर लगाया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष्मान भारत शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए।
एसपी ने सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर किया संवाद
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था, अवैध शराब के कारोबार और गौवंश तस्करी की रोकथाम पर चर्चा की। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जिले की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में जन-संवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें:-
नैनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन के प्रयासों से मिली स्वीकृति



