क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

घर के सामने ग्राहक का इंतजार, पुलिस ने दबोचा! 777 ग्राम गांजा के साथ 57 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार

सिवनी यशो  :- शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने में जुटी कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रेलवे स्टेशन रोड, तिलक वार्ड में एक व्यक्ति अपने घर के सामने गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 777 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8,547 रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन रोड, तिलक वार्ड निवासी एक व्यक्ति अपने घर के सामने गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

थैली खोली तो निकला गांजा

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो हरे रंग की थैली के अंदर सफेद पन्नी में रखा 777 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी गांजा रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी की पहचान वेदप्रकाश झारिया पिता दुखीराम झारिया, उम्र 57 वर्ष, निवासी रेलवे स्टेशन रोड, तिलक वार्ड, सिवनी के रूप में की है।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

आरोपी को गिरफ्तार कर थाना कोतवाली में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम के निर्देशन में कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली श्री सतीश तिवारी, सउनि. राजेन्द्र कुमार नागवंशी, प्र.आर. मनोज मरावी, प्र.आर. प्रदीप चौधरी, प्र.आर. संतोष साहू, आरक्षक प्रतीक बघेल, आरक्षक कपिल कटरे, महिला आरक्षक दीपाली एवं महिला आरक्षक ममता गजभिये की सराहनीय भूमिका रही।

जप्ती: 777 ग्राम गांजा
अनुमानित कीमत: 8,547 रुपए
कार्रवाई: धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट
गिरफ्तारी: वेदप्रकाश झारिया, उम्र 57 वर्ष

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button