कुकड़ी खापा वॉटरफॉल में 150 फीट नीचे फंसे नागपुर के 4 पर्यटक, तेज बहाव के बीच पुलिस ने किया सफल रेस्क्यू
अचानक बढ़ा पानी तो पत्थर पर फंसे युवक; मोहखेड़ पुलिस और SDRF की टीम ने रस्सियों व लाइफ जैकेट से सुरक्षित निकाला
Chhindwara 13 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- बारिश के मौसम में कुकड़ी खापा वॉटरफॉल घूमने पहुंचे नागपुर के चार पर्यटक रविवार को उस समय मुसीबत में फंस गए, जब अचानक पहाड़ी क्षेत्र में हुई बारिश के बाद जलप्रपात में पानी का बहाव तेज हो गया। करीब 150 फीट नीचे तेज बहाव के बीच पत्थर पर फंसे चारों युवकों को छिंदवाड़ा पुलिस और SDRF की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोहखेड़ क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ी खापा जलप्रपात में नागपुर महाराष्ट्र से चार युवक घूमने पहुंचे थे। वॉटरफॉल में पानी कम दिखाई देने पर वे नीचे उतर गए और एक बड़े पत्थर पर जाकर बैठ गए। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में अचानक बारिश होने से जलप्रपात में पानी का बहाव तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।
तेज बहाव के कारण चारों युवक करीब 150 फीट नीचे पानी के बीच पत्थर पर फंस गए। सूचना मिलते ही जिला कंट्रोल रूम से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में तत्काल रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया।
मौके पर थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक संजय भलावी और चौकी उमरानाला प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में मोहखेड़ थाना एवं उमरानाला चौकी का पुलिस बल पहुंचा। इसके साथ ही SDRF टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश धुर्वे के नेतृत्व में टीम ने मोर्चा संभाला।
पुलिस एवं SDRF जवानों ने अत्यंत कठिन और जोखिमभरी परिस्थितियों में रस्सियों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को तेज बहाव के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू किए गए पर्यटक
- श्याम बोरकर, उम्र 25 वर्ष, निवासी नंदनवन, नागपुर
- अथर्व उके, उम्र 22 वर्ष, निवासी नंदनवन, नागपुर
- मनीष उइके, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागपुर
- सतीश बावने, उम्र 23 वर्ष, निवासी नागपुर
पुलिस के अनुसार चारों पर्यटक सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं।
रेस्क्यू टीम की रही अहम भूमिका
रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी मोहखेड़ संजय भलावी, चौकी उमरानाला प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू, सउनि संतोष बघेल, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे, प्रधान आरक्षक राजेश बैस, आरक्षक संजय राहांगडाले, प्रधान आरक्षक विश्राम इनवाती, आरक्षक राजेंद्र भलावी, महिला आरक्षक तमन्ना उईके, सैनिक रमेश पवार, डायल-112 पायलट गीतेन्द्र पाठे सहित SDRF टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश धुर्वे एवं उनकी पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छिंदवाड़ा पुलिस की पर्यटकों से अपील
छिंदवाड़ा पुलिस ने आमजन एवं पर्यटकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में वॉटरफॉल, नदी और नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें और जलप्रपात के नीचे उतरने से पहले स्थानीय प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक पानी का बहाव बढ़ सकता है, इसलिए जोखिम उठाने से बचें।
Meta Description: छिंदवाड़ा के कुकड़ी खापा वॉटरफॉल में तेज बहाव के बीच 150 फीट नीचे फंसे नागपुर के चार पर्यटकों को पुलिस और SDRF टीम ने सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
यह भी पढ़े :-
बैगा बाहुल्य गांवों में पहुंचा प्रशासन, चौपाल पर खुला योजनाओं का खजाना!
25 साल की जनसेवा से विकसित भारत-2047 तक: 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
BRICS में PM मोदी का बड़ा संदेश: ‘पिरामिड ऑफ प्रिविलेज’ को बनाना होगा ‘प्लेटफॉर्म ऑफ पार्टनरशिप’
छिंदवाड़ा के निजी अस्पतालों में महंगा इलाज, सुविधाओं पर मरीजों ने उठाए सवाल



