25 साल की जनसेवा से विकसित भारत-2047 तक: 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
भाजपा जिला कार्यालय में 13 कार्यक्रमों के प्रभारियों की बैठक; जिलाध्यक्ष मीना बिसेन की अध्यक्षता में जिला प्रभारी गजानंद पंचेश्वर ने एक-एक प्रभारी से ली तैयारियों की जानकारी
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, भाजपा सिवनी में 13 कार्यक्रमों की तैयारी
Seoni, 13 September 2026
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय सिवनी में सभी कार्यक्रम प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। अभियान के जिला प्रभारी गजानंद पंचेश्वर ने अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित 13 कार्यक्रमों के प्रभारियों से एक-एक कर चर्चा की और प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, जनभागीदारी तथा कार्यक्रमों को प्रभावी एवं भव्य बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल एवं मुकेश बघेल सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के संबंध में प्रेस को जानकारी देते हुए भाजपा जिला पदाधिकारी मनोज मर्दन त्रिवेदी ने बताया कि पार्टी संगठन का प्रयास है कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए।

हर कार्यक्रम को भव्य और प्रभावी बनाने पर जोर
मनोज मर्दन त्रिवेदी ने बताया कि बैठक में प्रत्येक कार्यक्रम के प्रभारी से सीधे चर्चा कर तैयारियों की स्थिति जानी गई। कार्यक्रम की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आमजन की सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा की मंशा अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने की है।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’, रक्तदान शिविर और ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। प्रत्येक परिवार दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 का संकल्प लेगा।

2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान और विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
वहीं ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’ के तहत स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
नाटक और नुक्कड़ नाटकों के जरिए गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत नाटक एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
11,404 शक्ति केंद्रों से तैयार होंगी लाभार्थियों की रील
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों से कम से कम 10 वास्तविक लाभार्थी कहानियों की रील तैयार की जाएगी।
इन रील के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभव और उनके जीवन में आए बदलाव को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी।
इसके तहत प्रदेशभर में पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली आयोजित होंगी।
अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा भी प्रस्तावित है, जिसमें 250 बाइक पर 500 यात्री शामिल होंगे। देशभर में प्रस्तावित 20 यात्राओं में से 13 यात्राओं के मध्यप्रदेश से गुजरने की जानकारी दी गई है।
25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जुड़ेगा आम नागरिक
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रत्येक नागरिक को कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विधानसभा क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।
मानव रंगोली से दिया जाएगा विकसित भारत का संदेश
‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं इनोवेटर्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा।
17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ से होगा समापन
एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का 17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ कार्यक्रम के साथ समापन प्रस्तावित है।
भाजपा का लक्ष्य अभियान को केवल पार्टी का कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का अभियान बनाना है। अभियान की मूल भावना ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को केंद्र में रखकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
25 वर्षों की सेवा यात्रा की उपलब्धियां भी जनता तक पहुंचेंगी
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जुड़ी उपलब्धियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा द्वारा प्रस्तुत प्रमुख दावों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना, 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन और 200 करोड़ कोविड टीकों की उपलब्धता शामिल हैं।
इसके अलावा भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की उपलब्धि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 37 अंतरराष्ट्रीय सम्मान, आतंकवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई तथा महिला नेतृत्व वाले विकास और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा।
मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त प्रदेश बनाने के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए।
जिला प्रभारी गजानंद पंचेश्वर ने सभी कार्यक्रम प्रभारियों से तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी, व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप में संपन्न कराने पर जोर दिया।
भाजपा की ओर से अभियान की भावना को स्पष्ट करते हुए कहा गया—
“25 वर्ष की जनसेवा से विकसित भारत-2047 तक—भाजपा मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए जनभागीदारी का नया अभियान चलाएगी।”
यह भी पढ़े :-
लोकार्पण के बाद भी सिहोरा PHC पर ताला!
बनखेड़ी के बगलामुखी माता मंदिर की तर्ज पर सजेगा पंडाल, भव्य रूप में विराजेंगे छिंदवाड़ा के महाराजा
गोटमार मेले में पत्थरों की बरसी ‘बारिश’, 639 से ज्यादा घायल; 7 गंभीर, 3 की टूटी हड्डियां



