सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति में हिंगवानी में सेवा संकल्प अभियान का शिविर
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मवर्ष के उपलक्ष्य में 75 पौधों का रोपण, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
हिंगवानी में सेवा संकल्प अभियान, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने रोपे 75 पौधे
Seoni, 09 October 2026
सिवनी / धनौरा यशो:- ग्राम पंचायत हिंगवानी में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडला लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मवर्ष के उपलक्ष्य में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 75 पौधों का रोपण कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती की 502वीं जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पूजन-अर्चन किया गया। इसके साथ ही कन्या पूजन, मातृशक्ति सम्मान एवं वृद्धजनों का सम्मान किया गया। वृद्धजनों को साल-श्रीफल भेंट करने के साथ पेंशन योजनाओं के लाभ भी प्रदान किए गए।

56 पेंशनधारियों सहित हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र
सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इनमें 56 पेंशनधारी, 52 प्रधानमंत्री आवास हितग्राही और लाड़ली लक्ष्मी योजना के 28 हितग्राही शामिल रहे।
इसके अलावा आजीविका समूह की दीदियों को 39 लाख रुपये की सीसीएल राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। ग्राम हिंगवानी में सांसद निधि से 2 लाख रुपये के निर्माण कार्य की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का दिया संदेश
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण, नशामुक्ति के लिए जागरूकता एवं विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने धनौरा क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए आईटीआई कॉलेज, गांवों को जोड़ने वाली पक्की सड़कों सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में सांसद ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री मुकेश बघेल, मंडल अध्यक्ष ममलेश पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लखनादौन, जनपद सदस्य हेमेन्द्र गुमास्ता, ग्राम पंचायत हिंगवानी की सरपंच श्रीमती रामकली भलावी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से एसडीएम घंसौर बिशन सिंह ठाकुर, तहसीलदार धनौरा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र राजपूत, पीसीओ सनत जैन, सचिव रोहित शिवहरे सहित महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आसपास की करीब 12 पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और विभिन्न योजनाओं के हितग्राही शामिल हुए।
यह भी पढ़े :-
NH-44 के नाले में फेंका खतरनाक बायोमेडिकल कचरा, वन्यजीवों पर मंडराया खतरा
सामाजिक संदेशों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समा, रक्तदान व गौ रक्षा का दिया संदेश
सिवनी में 24 की जगह 32 वार्ड की मांग, भाजपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
गरीबों के निवाले पर डाका! अन्नदूत वाहन से चोरी-छिपे उतारा जा रहा था अनाज, देर रात छापा



