कांग्रेस के हल्ला बोल के बाद खुला मंडी का गेट, हमालों को मिला प्रवेश
कुसमैली कृषि मंडी में हमालों की एंट्री रोकने पर भड़की कांग्रेस, सचिव कार्यालय के सामने किया धरना-प्रदर्शन
“एक की गलती की सजा सभी को क्यों?” — हमालों के समर्थन में उतरे धर्मेंद्र सोनू मागो और शैलू सेंगर
Chhindwara 05 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- कुसमैली कृषि उपज मंडी में हमालों के प्रवेश पर रोक लगाने का मामला शुक्रवार को गरमा गया। कांग्रेस नेताओं के धरना-प्रदर्शन और हल्ला बोल के बाद आखिरकार मंडी प्रशासन को झुकना पड़ा और हमालों को मंडी परिसर में प्रवेश दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसी एक हमाल की गलती की सजा सभी पुरुष और महिला हमालों को दी जा रही थी, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। सुबह करीब 11 बजे तक बड़ी संख्या में हमाल मंडी परिसर के बाहर खड़े रहे और अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता
मामले की जानकारी मिलते ही शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो एवं हमाल यूनियन अध्यक्ष शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर कृषि उपज मंडी पहुंचे।
हमालों से चर्चा के दौरान सामने आया कि विगत दो दिनों से उन्हें मंडी प्रांगण में प्रवेश नहीं दिया जा रहा था और शुक्रवार को तीसरे दिन भी रोक जारी रही। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी हमालों को साथ लेकर कृषि उपज मंडी सचिव कार्यालय पहुंचे और धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की।
“मंडी पर हमालों का भी उतना ही अधिकार”
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मंडी व्यापारियों जितना ही अधिकार हमालों का भी मंडी पर है। महिला हमालों को रोकना और उन्हें काम से वंचित करना अन्यायपूर्ण है।
कांग्रेस नेताओं ने मंडी सचिव से चर्चा के दौरान कहा कि जिस हमाल से गलती हुई थी, उसे दंड मिल चुका है, लेकिन उसकी सजा सभी मजदूरों को देना गलत है। किसी भी स्थिति में सभी हमालों को मंडी में प्रवेश करने से नहीं रोका जा सकता।
“गरीब और मजदूरों की आवाज उठाती रहेगी कांग्रेस”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री Kamal Nath एवं पूर्व सांसद Nakul Nath की मंशानुसार कांग्रेस लगातार गरीब, मजदूर, किसान, युवा और छात्रों की आवाज उठा रही है ताकि सरकार और प्रशासन तक उनकी समस्याएं पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा हमालों के हक और अधिकार की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।



