कुएं पर पानी भरने गई वृद्धा की करंट लगने से मौत, नल-जल योजना पर उठे सवाल
ग्राम मुआरी में दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों का आरोप—वर्षों से बंद पड़ी पेयजल व्यवस्था ने छीनी एक और जान; जांच और कार्रवाई की मांग
छपारा के ग्राम मुआरी में करंट से वृद्ध महिला की मौत, नल-जल योजना पर उठे सवाल
Seoni, 28 July 2026
सिवनी / छपारा यशो:- विकासखंड मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित सीमावर्ती ग्राम मुआरी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की करंट लगने से मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुआरी निवासी किस्सो बाई धुर्वे (65 वर्ष), पति स्व. मनिराम धुर्वे मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गांव के एक कुएं से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद नल-जल योजना पर उठे सवाल
घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने गांव में वर्षों से बंद पड़ी नल-जल योजना पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि गांव में पेयजल आपूर्ति नियमित होती तो लोगों को कुएं से पानी भरने नहीं जाना पड़ता और संभव है कि यह दर्दनाक हादसा टल जाता।
ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना की मरम्मत एवं संचालन को लेकर कई बार ग्राम पंचायत को आवेदन और शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि पेयजल संकट के कारण ग्रामीण आज भी कुओं और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
जांच और पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ग्राम मुआरी में बंद पड़ी नल-जल योजना को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
फिलहाल छपारा पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: नल-जल योजना को हादसे का कारण बताए जाने संबंधी बातें ग्रामीणों और परिजनों के आरोप हैं। इस संबंध में संबंधित विभाग या ग्राम पंचायत का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
मिलावटखोरों पर प्रशासन की पैनी नजर, दूध, घी, खोया, दही और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे
गुरु पूर्णिमा पर त्र्यंबक ज्योतिष कार्यालय में होगा अखंड रामचरितमानस पाठ, गुरु पूजन एवं हवन का आयोजन
मन की बात सुनने के बाद विधायक दिनेश राय मुनमुन ने किया सहस्रबाहु ग्रीन वैली मंगल भवन का लोकार्पण



