डीआरयूसीसी सदस्य हेमेन्द्र क्षीरसागर ने मंडल रेल प्रबंधक को भेजा प्रस्ताव, गोंदिया से दिल्ली तक सतपुड़ा एक्सप्रेस और इंदौर के लिए शिक्षा एक्सप्रेस चलाने की मांग
बालाघाट यशो :- महाकोशल और विदर्भ के सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बालाघाट, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा और गोंदिया क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं की जरूरतों को सामने रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी), नागपुर के सदस्य हेमेन्द्र क्षीरसागर ने रेलवे प्रशासन के समक्ष 10 महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं।
उन्होंने इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर को पत्र भेजकर नई ट्रेनों के संचालन, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार, प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव, आरक्षण केंद्र की स्थापना और पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारणी में सुधार की मांग की है। प्रस्ताव की प्रतिलिपि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक को भी भेजी गई है।
दिल्ली, भोपाल और इंदौर के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी का प्रस्ताव
प्रस्ताव में सबसे महत्वपूर्ण मांग गोंदिया से इंदौर और गोंदिया से नई दिल्ली के लिए दो नई ट्रेनों के संचालन की है। हेमेन्द्र क्षीरसागर ने गोंदिया से इंदौर के बीच 'शिक्षा एक्सप्रेस' नाम से नई ट्रेन शुरू करने का सुझाव दिया है। यह ट्रेन बालाघाट, लामता, नैनपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, आमला, इटारसी, भोपाल और उज्जैन होते हुए इंदौर पहुंचेगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसी तरह गोंदिया से नई दिल्ली के बीच 'सतपुड़ा एक्सप्रेस' नाम से सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। प्रस्तावित मार्ग बालाघाट, लामता, नैनपुर, जबलपुर, कटनी, बीना और झांसी निर्धारित करने का सुझाव दिया गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से महाकोशल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए बेहतर रेल विकल्प मिल सकेगा।
पेंचवेली एक्सप्रेस का गोंदिया तक विस्तार, कान्हा एक्सप्रेस का भी प्रस्ताव
मौजूदा रेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया है। इंदौर–नैनपुर पेंचवेली एक्सप्रेस को बालाघाट होते हुए गोंदिया तक विस्तारित करने की मांग रखी गई है। इसी प्रकार सियालदाह–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस का नैनपुर और बालाघाट होते हुए गोंदिया तक विस्तार करने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अतिरिक्त मंडला फोर्ट से भोपाल के बीच 'कान्हा एक्सप्रेस' नाम से नई ट्रेन चलाने की मांग की गई है। प्रस्तावित ट्रेन नैनपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा होते हुए भोपाल तक संचालित किए जाने का सुझाव है।
गोंदिया से मंडला फोर्ट और जबलपुर के लिए अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनें
स्थानीय यात्रियों की रोजमर्रा की आवाजाही को आसान बनाने के लिए गोंदिया से मंडला फोर्ट के बीच नई पैसेंजर ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके साथ ही गोंदिया से जबलपुर के बीच बालाघाट, लामता और नैनपुर के रास्ते एक अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की गई है।
इन ट्रेनों के संचालन से छोटे स्टेशनों और कस्बों के यात्रियों को आवागमन के अधिक विकल्प मिल सकेंगे। विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों तक पहुंचने वाले यात्रियों को राहत मिलने की संभावना है।
लामता में आरक्षण केंद्र और दो एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
बालाघाट जिले के लामता रेलवे स्टेशन पर यात्री आरक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को टिकट आरक्षण के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
इसके अलावा जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी (मूकमाटी) एक्सप्रेस तथा जबलपुर–चांदा फोर्ट एक्सप्रेस को लामता में ठहराव देने की मांग की गई है। स्थानीय यात्रियों की दृष्टि से इन दोनों ट्रेनों का स्टॉपेज काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को हो रही परेशानी
प्रस्ताव में एक महत्वपूर्ण मुद्दा नियमित पैसेंजर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था का भी है। गोंदिया से जबलपुर, कटंगी, तिरोड़ी और तुमसर के बीच संचालित होने वाली पैसेंजर ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की मांग की गई है।
क्षीरसागर के अनुसार इन ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण दैनिक यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समय पर ट्रेनें नहीं चलने से यात्रियों की दिनचर्या और जरूरी काम प्रभावित होते हैं।
अब रेलवे प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें
हेमेन्द्र क्षीरसागर ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन इन सभी जनहितैषी प्रस्तावों पर गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा तथा यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करेगा।
इन मांगों का दायरा केवल बालाघाट तक सीमित नहीं है, बल्कि सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा और गोंदिया सहित पूरे महाकोशल एवं विदर्भ सीमावर्ती क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ा है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इन प्रस्तावों में से किन मांगों को प्राथमिकता देकर धरातल पर उतारता है।