रात के अंधेरे में वनकर्मियों पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश, दो तरफ से घेराबंदी कर जंगल में पकड़ा वाहन, चालक फरार
Seoni, 21 November 2026
सिवनी / बरघाट यशो:- वन संपदा की तस्करी में लिप्त लोगों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे कार्रवाई के लिए पहुंचने वाले वनकर्मियों की जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। बरघाट वन परिक्षेत्र में शुक्रवार की रात ऐसा ही घटनाक्रम सामने आया, जहां नाइट पेट्रोलिंग के दौरान वन विभाग की टीम को देखकर एक पिकअप चालक ने वाहन रोकने के बजाय वनकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और तेज रफ्तार से भाग निकला। वन विभाग की टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और धरमकुंआ बैरियर के आगे निगम के जंगल में अवैध सागौन के लट्ठों से भरा पिकअप वाहन पकड़ लिया। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य वन संरक्षक के निर्देशन, वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं एसडीओ के नेतृत्व में बरघाट रेंज के रेंजर पीयूष गौतम अपनी टीम के साथ शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे नाइट पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान दलाल से काठी रोड पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय वन विभाग के कर्मचारियों पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से वाहन भगाकर ले गया।
दो रास्तों से घेराबंदी, पीछा कर जंगल में पकड़ा वाहन
वनकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश के बाद टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। वन मंडल से उपलब्ध बोलेरो रैपिड रिस्पांस व्हीकल और अनुबंधित बोलेरो की मदद से कटंगी-सिवनी रोड पर दो अलग-अलग मार्गों से घेराबंदी की गई। काफी देर तक पीछा करने के बाद धरमकुंआ बैरियर के आगे सड़क किनारे निगम के जंगल में पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता मिली।

पिकअप में मिले सागौन के लट्ठे, तस्करी के नेटवर्क की तलाश
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे सागौन के लट्ठे भरे मिले। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज करते हुए पिकअप वाहन और सागौन के लट्ठों को जब्त कर लिया है।
रेंजर पीयूष गौतम ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही इस अवैध सागौन परिवहन में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। अब जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि सागौन कहां से काटा गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।