पुलिस को और कारोबारियों के नाम मिलने की संभावना
सिवनी पुलिस की कड़ी कार्रवाई
जिले में एमडीएमए पावडर तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पहले गांधीवार्ड निवासी हाकिम खान की गिरफ्तारी और उसके खुलासों के बाद पुलिस ने नागपुर और पुणे में दबिश देकर अजहर पटेल उर्फ अज्जू खान और उसके साले विकास कांबले को गिरफ्तार किया।
सिवनी यशो :- नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने एमडीएमए पावडर तस्करों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था।
20 अगस्त को कोतवाली थाना प्रभारी किशोर वामनकर ने गांधीवार्ड निवासी हाकिम खान को एमडीएमए पावडर बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की गई, जिसमें अंतरराज्जीय गिरोह की परतें खुलीं।
नागपुर–पुणे तक छापे
हाकिम खान की निशानदेही पर पुलिस टीम ने नागपुर और पुणे में दबिश दी।
-
पुणे से आरोपी विकास कांबले गिरफ्तार हुआ, जो हाकिम खान का करीबी सप्लायर है।
-
उसकी जानकारी पर पुलिस ने नागपुर के पैराडाइज हिल्स, बानाडोंगरी से कुख्यात तस्कर अजहर पटेल उर्फ अज्जू खान को दबोचा।
अजहर पटेल पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के 3 गंभीर अपराध दर्ज हैं। पहचान छुपाकर वह कई पते बदल-बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
आरोपियों का नेटवर्क
-
अजहर पटेल अपना लेन-देन सीधे नहीं करता था, बल्कि अपने साले विकास कांबले के बैंक अकाउंट का इस्तेमाल करता था।
-
हर 3–4 माह में मोबाइल नंबर बदल देता था।
-
अब तक पुलिस को उसके 4 नंबर मिले हैं।
-
अजहर के पिता अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार समिति नामक NGO से जुड़े हुए बताए जाते हैं।
जब्त सामान
-
अजहर पटेल से Realme-12 मोबाइल (कीमत ₹12,000)
-
विकास कांबले से Realme मोबाइल (कीमत ₹10,000)
-
बैंक अकाउंट में जमा राशि (फ्रीज की कार्रवाई जारी)
पुलिस के लिए मील का पत्थर
नगर पुलिस अधीक्षक पूजा पांडे ने बताया कि यह गिरोह युवाओं को नशे के अंधकार में धकेल रहा था। सिवनी पुलिस ने जिस तरह सुनियोजित कार्रवाई की है, वह जिले में नशे के खिलाफ मील का पत्थर साबित होगी।
पुलिस को अंदेशा है कि हाकिम खान और अजहर पटेल से पूछताछ के बाद सिवनी के और भी कारोबारियों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस हर स्तर पर चौकसी कर रही है और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।
गिरफ्तार आरोपी
-
हाकिम खान (27) निवासी गांधीवार्ड, सिवनी।
-
अजहर पटेल उर्फ अज्जू खान (28) निवासी नागपुर।
-
विकास कांबले (28) निवासी पांडुरना।
पुलिस जुलूस बनी चर्चा
गिरफ्तार आरोपियों- अजहर पटेल और विकास कांबले – को पुलिस ने पैदल जुलूस के रूप में न्यायालय तक ले जाकर पेश किया। यह दृश्य देखते ही शहरवासियों में चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस का यह कदम नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी किशोर वामनकर,
सउनि दिनेश रघुवंशी,
प्र.आर. योगेश राजपूत,
शेखर बघेल,
अमर उइके,
परवेज सिद्धीकी,
सुजान बघेल,
आरक्षक अजेन्द्र पाल
अनिल वर्मा,
मजहर कुरेशी,
प्रशांत गजभिये,
साइबर सेल से सउनि देवेन्द्र जायसवाल, आरक्षक अजय बघेल एवं विनय चौरिया का विशेष योगदान रहा।






One Comment