बंजारी माता मंदिर के पास पुलिस ने की घेराबंदी, पैर-मुंह बांधकर क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे थे गौवंश; पिंडरई गौशाला में रखवाया
सिवनी यशो :- जिले में गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छपारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बंजारी माता मंदिर के पास घेराबंदी कर एक कंटेनर वाहन से 58 नग गौवंश को मुक्त कराया है। गौवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 20 लाख रुपये कीमत के कंटेनर वाहन को जब्त किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात्रि में छपारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश को अवैध रूप से भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी छपारा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बंजारी माता मंदिर के पास पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 58 नग गौवंश मिले। पुलिस के अनुसार, सभी गौवंश के पैर और मुंह बांधकर उन्हें क्रूरतापूर्वक कंटेनर में भरा गया था। पुलिस टीम ने तत्काल गौवंश को मुक्त कराया और उपचार एवं देखरेख के लिए पिंडरई गौशाला में सुरक्षित रखवाया।
गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 559/26 के तहत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 9, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नक्शे देखें
20 लाख का कंटेनर जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 58 नग गौवंश और एक ट्रक (कंटेनर) जब्त किया है। जब्त कंटेनर की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने गौवंश को मुक्त कराने के साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भापुसे) के निर्देशन एवं एसडीओपी लखनादौन श्री अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी छपारा निरीक्षक खेमेन्द्र कुमार जैतवार, उपनिरीक्षक सुक्कूलाल उइके, उपनिरीक्षक भुजवल सिंह प्रजापति, सहायक उपनिरीक्षक अशोक सेन, प्रधान आरक्षक मूलसिंह उइके, विनोद धुर्वे, शैलेन्द्र कवरेती, बालचंद घोरमारे तथा आरक्षक राकेश सोनवाने एवं रवि बहेटवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।