अतिरिक्त कक्षों और शैक्षणिक सुविधाओं का होगा विस्तार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का विधायक ने जताया आभार
Seoni, 23 November 2026
सिवनी यशो:- केवलारी विधानसभा क्षेत्र में शासकीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा क्षेत्र के 17 शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण एवं आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन द्वारा कुल 19 करोड़ 25 लाख 31 हजार रुपये के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय प्रवास के दौरान विभिन्न ग्रामों के नागरिकों द्वारा शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण और जरूरी शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग उनके समक्ष रखी गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और विद्यालयों की आवश्यकताओं को देखते हुए उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लिया।
विधायक ने बताया कि जनभावनाओं और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के समक्ष रखी थी। उन्हें प्रसन्नता है कि शासन ने इस मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए केवलारी विधानसभा क्षेत्र के 17 शासकीय विद्यालयों के लिए 19 करोड़ 25 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केवलारी विधानसभा के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केवलारी विधानसभा क्षेत्र के विकास, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों को वे निरंतर शासन के समक्ष उठाते रहेंगे।