बरघाट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया खाटू श्याम जन्मोत्सव, पूजन-अर्चन के बाद हुई भजनामृत की वर्षा
बरघाट यशो :-नगर के जैन धर्मशाला में 21 नवंबर, शनिवार को श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रात्रि 8 बजे से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने सहभागिता कर बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

जन्मोत्सव के अवसर पर सर्वप्रथम भगवान खाटू श्याम जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात ‘रिश्ता मेरे श्याम से’ शीर्षक से श्री श्याम भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। श्री श्याम मित्र मंडल बरघाट के तत्वावधान में आयोजित इस भजन संध्या में भजन गायक राहुल अंचल ने एक से बढ़कर एक सुमधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण बना दिया। उनकी भजन प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्याम प्रेमी भावविभोर होकर भक्ति में झूमते नजर आए।
भजनों की मधुर धुनों और बाबा श्याम की महिमा से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजन-कीर्तन का आनंद लिया और बाबा श्याम के जयकारों से आयोजन स्थल गुंजायमान होता रहा।

कार्यक्रम का समापन भगवान खाटू श्याम जी की आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा भंडारा प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के अंत में श्री श्याम मित्र मंडल बरघाट ने भजन संध्या में उपस्थित समस्त भक्तजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।