शिवपुरी से आंध्र प्रदेश जा रहा था ट्रक, सड़क पर बिखरे टमाटर; दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित
Seoni, 23 November 2026
सिवनी / छपारा यशो:- राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित छपारा बाईपास पर सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक सड़क हादसे में टमाटर से भरा ट्रक सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे कंटेनर के अचानक यू-टर्न लेने के दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उससे टकरा गया। हादसे में ट्रक में लदे लाखों रुपये के टमाटर सड़क पर बिखरकर बर्बाद हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक शिवपुरी से टमाटर भरकर आंध्र प्रदेश जा रहा था। इसी दौरान छपारा बाईपास पर आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक यू-टर्न ले लिया। अचानक सामने आए कंटेनर को देखकर ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक कंटेनर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक में भरे टमाटर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। लाखों रुपये का माल बर्बाद होने से ट्रक मालिक और परिवहन से जुड़े लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।