भाजपा विधायक दल की बैठक सम्पन्न, राज्यसभा प्रत्याशियों का हुआ आधिकारिक परिचय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले - विकास कार्यों का कारवां जनता तक पहुंचाएं विधायक
Bhopal 07 June 2026
भोपाल यशो:- भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को भोपाल में सम्पन्न हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा प्रत्याशी तरूण चुघ तथा राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने विधायक दल को संबोधित किया।
बैठक में राज्यसभा के दोनों प्रत्याशियों का आधिकारिक परिचय भी कराया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास कार्यों का व्यापक अभियान चल रहा है। विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जनकल्याणकारी कार्यों का पखवाड़ा भी मनाएं।
“प्रधानमंत्री के 12 वर्ष सेवा, विकास और विश्वास के” – हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण, जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशाला और सामूहिक योगाभ्यास जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
“भारत बना वैश्विक अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन” — डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत ने 7.7 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर हासिल कर वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत स्थिति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अपनी अनुशासित कार्यशैली और जनसेवा के कारण देशभर में विशेष पहचान रखता है।
“विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा देश”- अजय जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, शोषित और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत-2047” के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने सांसदों और विधायकों से जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
“मध्यप्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली” – तरूण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा प्रत्याशी तरूण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन भाजपा सरकारों ने विकासोन्मुखी सोच के साथ प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदल दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है।
“भाजपा में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर” — रजनीश अग्रवाल
राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है जहां कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन जहां जिम्मेदारी देता है, वहां पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करना उनका दायित्व है।
वरिष्ठ नेताओं की रही उपस्थिति
बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन कैलाश विजयवर्गीय ने किया तथा आभार वरिष्ठ विधायक शैलेन्द्र जैन ने व्यक्त किया।
बैठक में राज्यसभा के दोनों प्रत्याशियों का सामूहिक अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।



