छिंदवाड़ा में बनेगा नया एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा
कांग्रेस का ‘झूठा रनवे’ बेनकाब, भाजपा ने दी छिंदवाड़ा को असली उड़ान: शेषराव यादव
एयरपोर्ट को लेकर नकुलनाथ के बयान पर भाजपा का पलटवार, विकास बनाम बयानबाजी की राजनीति पर घमासन
छिंदवाड़ा यशो :- छिंदवाड़ा एयरपोर्ट की स्वीकृति को लेकर पूर्व सांसद नकुलनाथ के बयान पर भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने करारा जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अधूरे तथ्यों और झूठे दावों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल में यदि एयरपोर्ट परियोजना को ठोस स्वीकृति और गति मिली होती, तो यह योजना वर्षों तक फाइलों में नहीं अटकी रहती। कांग्रेस ने घोषणाओं का शोर मचाया, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास शून्य रहा।
भाजपा ने केवल कागजी खानापूर्ति नहीं की, बल्कि लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाकर उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति “काम कम, प्रचार ज्यादा” के सिद्धांत पर आधारित है। चुनाव के समय कांग्रेस नेता अधूरे कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास करते हैं, जबकि उन्हीं की नीतियों के कारण विकास बाधित रहा।
जनता ने दिया जवाब
उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जागरूक जनता ने कांग्रेस को 1 लाख 13 हजार वोटों से पराजित कर यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अब विकास और सच्चाई के साथ खड़ी है।
परिवारवाद पर भी साधा निशाना
श्री यादव ने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में वर्षों से एक ही परिवार के इर्द-गिर्द राजनीति सीमित हो गई है। इससे योग्य कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है और संगठन कमजोर हुआ है।
एयरपोर्ट परियोजना को लेकर नई पहल
छिंदवाड़ा जिले में लंबे समय से उठ रही एयरपोर्ट की मांग अब पूरी होने की दिशा में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा समेत प्रदेश में 4 नए एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की है।
प्रशासन द्वारा वर्तमान एयरस्ट्रिप के विस्तार को उपयुक्त न मानते हुए ग्राम तिकाड़ी, तिवरा कामथ और खूनाझिर कलां में नए एयरपोर्ट के लिए सर्वे कराया गया है।



